Dainik Athah

भाजपा सरकार के एजेंडे में न तो भर्ती है और न ही कोई और नौकरी: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के एजेंडे में न तो भर्ती है और न ही कोई और नौकरी। भाजपा नौकरी न देकर पीडीए के हक का आरक्षण मारना चाहती है। भाजपाई हर काम को आउटसोर्सिंग के जरिए करवाना चाहते हैं, इससे एक तरफ उन्हें आरक्षण नहीं देना पड़ता है और दूसरी तरफ जिनको आउटसोर्सिंग का ठेका मिलता है, उनसे कमीशन और चंदा वसूली करके ये भाजपाई अपना खजाना भर लेते हैं। भाजपा की अग्निवीर जैसी योजनाओं ने देश की सुरक्षा के साथ ही युवाओं के भविष्य की सुरक्षा को भी खतरे में डाल दिया है।

यादव ने कहा कि आज बेरोजगारी का जो हाल है, उससे न केवल युवाओं में बल्कि उनके परिवारों तक में मायूसी का माहौल है। लोग खेत-जमीन बेचकर अपने बच्चों को बड़ी उम्मीद से पढ़ाते हैं लेकिन जब भर्ती-नौकरी की कहीं कोई बात नहीं होती है तो वो नाउम्मीदगी और निराशा से घिर जाते हैं। उन्होंने कहा भाजपा के राज में कोई खुशखबरी नहीं आती है। लोग मुस्कुराना भूल गये हैं। भाजपा ने पीड़ा, दुख, अपमान-अन्याय के सिवा जनता को कुछ नहीं दिया है। इसीलिए जनता अब हँसी-खुशी छीनने वाली भाजपा को हटाकर ही सच्चा उत्सव-त्योहार मनाएगी। भाजपा जाए तो भर्ती-नौकरी आए।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं का भविष्य खराब कर दिया। इस सरकार में नौजवान, किसान, मजदूर, आम जनता सभी महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है। नौजवानों के लिए नौकरी रोजगार नहीं है, वहीं किसानों को कोई सुविधा नहीं मिल रही। भाजपा सरकार किसानों को खाद, बीज और कीटनाशक नहीं दे पा रही है। लाइन लगाने और लाठी खाने के बाद जो थोड़ी बहुत खाद मिलती भी है उसमें भी नकली खाद मिल रही है। किसाान तमाम परेशानियों के बीच मेहनत करके फसल पैदा करता है लेकिन भाजपा सरकार किसानों को फसलों, फलों और सब्जियों का लागत मूल्य भी नहीं दिला पा रही है। भाजपा सरकार में किसानों की फसल लूटी जा रही है। बिचौलिए लूट रहे है। उन्हें सरकार का संरक्षण मिला हुआ है।

एक तरफ किसानों को फलों, सब्जियों और फसलों का लागत मूल्य भी नहीं मिल रहा है वहीं दूसरी तरफ उपभोक्ताओं को वही सामान महंगा मिल रहा है। भाजपा सरकार का बाजार पर कोई नियंत्रण नहीं है। सरकार की गलत नीतियों से किसान नौजवान बर्बाद हो रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *