नगर विकास विभाग ने जारी किया नगर पालिकाओं की वर्गीकरण सूची
वर्गीकरण के अनुसार मिलेगी सुविधाएं, विकास के काम में आयेगी तेजी
दूसरी श्रेणी में जिला मुख्यालय स्तर की नगर पालिकाएं
अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। नगर विकास विभाग ने प्रदेश की सभी नगर पालिका परिषदों की वर्गीकरण सूची घोषित कर दी है। इसक अनुसार गाजियाबाद जिले की लोनी नगर पालिका प्रथम श्रेणी की नगर पालिका बन गई है, वहीं जिले की अन्य नगर पालिकाएं तृतीय श्रेणी की।
प्रमुख सचिव नगर विकास ने वर्गीकरण सूची जारी करते हुए कहा कि प्रदेश की नगर निकायों में पदों के मानकीकरण के प्रयोजन हेतु जनसख्ंया के आधार पर नगर पालिका परिषदों को वर्गीकृत अथवा श्रेणीगत किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की तेजी से बढ़ती जनसंख्या एवं हो रहे नगरीयकरण ने प्रदेश की नगरीय निकायों की संरचना, उपलब्ध जनशक्ति एवं संसाधनों को व्यापक स्तर पर प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों में बढ़ती जनसंख्या के अनुसार गुणवत्तापूर्ण जनसुविधाओं एवं सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के नगर निकायों (नगर निगमों एवं नगर पालिका परिषदों) को प्रशासनिक सुविधा की दृष्टि से जनसंख्या के आधार पर तीन श्रेणियों में विभाजित कर पुनरीक्षण एवं पुनर्गठन किया जा रहा है।
पी गुरू प्रसाद ने कहा कि नगर निकायों के वर्गीकरण के आधार पर जन सुविधाएं उनकी आबादी के अनुसार उपलब्ध करवाई जायेगी। इससे बेहतर नागरिक सुविधाएं लोगों को प्राप्त होगी।
वर्गीकरण के अनुसार तीन लाख से अधिक जनसंख्या वाली नगर पालिकाओं को प्रथम श्रेणी में रखा गया है। इसमें लोनी के साथ ही मुजफ्फरनगर एवं मऊ भी शामिल है। जबकि द्वितीय श्रेणी में जिला मुख्यालय वाली नगर पालिकाएं शामिल की गई है। इनमें हापुड़, बागपत, शामली समेत जिला मुख्यालय वाली अन्य नगर पालिकाएं है। शेष नगर पालिकाओं को तृतीय श्रेणी में रखा गया है। इसके अनुसार मोदीनगर, मुरादनगर एवं खोड़ा मकनपुर नगर पालिका परिषद तृतीय श्रेणी में शामिल हुई है।
