Dainik Athah

कमीशनखोरी ने पूरी व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और कालाबाजारी का जोर है। हर विभाग और हर काम में भ्रष्टाचार और लूट है। भाजपा के विधायक खुद स्वीकार कर रहे है कि उन्हें विधायक निधि से दस फीसदी कमीशन मिल रहा है। कहीं ज्यादा कहीं कम सरकारी विभागों में भी यही हाल है। कमीशनखोरी ने पूरी व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। कोई कार्य बिना कमीशन के नहीं हो रहा है। आम जनता भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार से त्रस्त है। जल जीवन मिशन से लेकर सड़कों के निर्माण तक में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी साफ-साफ दिखाई दे रही है। जल जीवन मिशन के तहत बनायी गयी पानी की टंकिया कई जगह भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार का भार नहीं सह पायीं, ढह गयीं। सड़कों के निर्माण में कमीशनखोरी का नतीजा है कि सड़कें बनते ही उखड़ जा रही हैं। सड़कों में गड्ढे ही गड्ढे है। भाजपा सरकार नौ साल के कार्यकाल में सड़कों के गड्ढे नहीं भर पायी। हजारों करोड़ के बजट का बंदरबांट हो गया लेकिन सड़कों के गड्ढे जस के तस बने हैं। इस सरकार का गड्ढामुक्त अभियान हवा-हवाई साबित हुआ।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में कमीशनखोरी की तरह कालाबाजारी और मुनाफाखोरी भी चरम पर है। किसानों को फसलों के लिए खाद नहीं मिली। पूरे प्रदेश में खाद की कालाबाजारी हो रही है। जरूरतमंद किसानों को खाद नहीं मिल पायी। किसान खाद के लिए भटकता रहा। लाइनों में खड़ा रहा और पुलिस की लाठियां भी खाता रहा। खाद के अभाव में किसानों की फसलें बर्बाद हो गयी।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों को साजिश के तहत योजनाबद्ध तरीके से तबाह और बर्बाद किया जा रहा है। जिससे किसान खेती-किसानी छोड़ कर मजदूर बन कर मजदूरी करने पर विवश हो जाये। यह सरकार किसानों की जमीन और खेती किसानी हड़पना चाहती है। प्रदेश का नौजवान, बेरोजगार, किसान भाजपा के षड्यंत्रों को समझ रहा है। 2027 में प्रदेश की जनता भाजपा का सफाया कर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का अंत करेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *