Dainik Athah

पंचायत चुनाव- स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर दिये सख्त निर्देश

भाजपा संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह कानपुर- बुंदेलखंड में



अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने मंगलवार को कानपुर में कानपुर बुन्देलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों तथा जिला प्रभारियों के साथ संवाद किया। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान, एक पेड़ मां के नाम, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस सहित सभी अभियानों व कार्यक्रमों की बिंदुवाद बारीकी से समीक्षा की तथा पंचायत चुनाव व स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर सख्त निर्देश दिए। जिलाध्यक्षों को निर्देश दिया कि जिन मंडलो में मंडल अध्यक्ष घोषित नहीं हुए है उन मंडलों में आपसी सामंजस्य के आधार पर मंडल अध्यक्ष चयन प्रक्रिया पूर्ण की जाए।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि संवाद, सम्पर्क, समन्वय और सक्रियता से ही संगठन के कार्यों को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में सभी की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित होना चाहिए। एक-एक मतदाता से सम्पर्क किया जाए तथा जो भी मतदाता मतदाता सूची में नही है, उन्हें मतदाता बनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभियान का क्रियान्वयन प्रभावी तथा समयबद्ध होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम किसी भी दायित्व पर हो लेकिन हमारे अंदर यह भाव होना चाहिए कि हम कार्यकर्ता के रूप में अपने बूथ के मजबूत स्तम्भ है। आगामी चुनौतियां और कार्यक्रमों की सफलता इसी प्रतिबद्धता और समर्पण से सुनिश्चित होंगी।
धर्मपाल सिंह ने जिलाध्यक्षों से नियमित मंडलों में प्रवास का स्वभाव विकसित करने के साथ संगठन के पुराने कार्यकतार्ओं, नेताओं, पदाधिकारियों से सम्पर्क, संवाद करते हुए उन्हें कार्यक्रमों से जोड़ने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ चुनावी संगठन नही है बल्कि समाजसेवा, राष्ट्र नवनिर्माण और जनजागरण के लिए निरंतर कार्य करने वाला राजनैतिक दल है। संगठन तभी मजबूत होगा जब हम सभी गांव, घर, मौहल्लों, पगडंडियों तक पहुंचे और लोगों को राष्ट्रवाद की धारा से जोड़े। इसके लिए मंच, माला, माईक से दूर रहते हुए बूथ स्तर तक सक्रियता और समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचने के लिए जुटना होगा।
प्रदेश महामंत्री संगठन ने कहा कि हमारी सजगता में ही हमारी सफलता निहित है। इसलिए सपा, कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दलों के द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और भ्रम को हमें सजगता और सत्यता के साथ समाप्त करना है। हमारे पास सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के संकल्प आच्छादित मोदी सरकार व योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं है। मोदी जी के नेतृत्व में आर्थिक व सामरिक रूप से मजबूत भारत दुनिया के सामने है। सांस्कृतिक विरासत का परचम वैभव के साथ फहरा रहा है। मोदी के रूप में विश्व का सबसे लोकप्रिय नेतृत्व हमारे पास है। योगी के नेतृत्व में सशक्त कानून व्यवस्था से भयमुक्त उत्तर प्रदेश में सभी की सुरक्षा की गारंटी है। हमें बार-बार अपनी उपलब्धियां और विपक्ष के काले कारनामें लेकर जनता के बीच पहुंचना है। आगामी समय में पंचायत चुनाव तथा स्नातक विधान परिषद सदस्य चुनाव में निश्चित विजय के लिए पूर्व तैयारी और पूर्ण तैयारी की योजना पर काम करना है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *