Dainik Athah

भाजपा के लोग हकमारी तो करते ही हैं, अब मतमारी कर रहे हैं: अखिलेश यादव

सपा प्रमुख ने अर्पित की शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को रांची होते हुए रामगढ़ के निमरा पहुंचकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरू स्वर्गीय शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट की।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने हेमंत सोरेन की माताजी रूपी सोरेन और उनकी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन और परिवार के अन्य सदस्यों से भी भेंट की।

इससे पूर्व रांची पहुंचने पर मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि शिबू सोरेन ने आदिवासी भाई-बहनों की परेशानी और उनके साथ हुए अन्याय को समझा। उन्होंने आदिवासी भाई-बहनों के अधिकारों के लिए जीवन भर संघर्ष किया। उन्होंने अपने जीवन में एक पार्टी खड़ी की। नया प्रदेश बनाने के लिए संघर्ष किया। उनका उनका पूरा जीवन संघर्ष से भरा रहा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को विरासत में एक विचारधारा मिली और पिता का लम्बा संघर्ष उनके साथ है। हमें उम्मीद है कि वे उस विरासत को आगे बढ़ाएंगे।

यादव ने सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा जनता से मतदान का अधिकार छीनना चाहती है। भाजपा के लोग हकमारी तो करते ही हैं। अब मतमारी कर रहे हैं। एसआईआर के बहाने ये लोग बड़े पैमाने पर वोटो का हेरफेर करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की पूरी विचारधारा अंग्रेजों से ली गयी है। अंग्रेजों की तरह फूट डालो राज करो की नीति पर काम करती है। भाजपा हिन्दू-मुसलमान के बीच नफरत फैलाती है। सामाजिक सद्भाव खराब करती है। समाजवादी पार्टी लोगों के हक, किसानों, नौजवानों की बात करती है। नौकरी रोजगार, विकास की बात करती है तो भाजपा हिन्दू-मुसलमान को लड़ाने की बात करने लगती है। फतेहपुर की घटना के लिए सरकार को दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। वीडियो में जितने लोग दिखाई दे रहे है, सभी को जेल भेजना चाहिए। जिलाधिकारी और एसपी ने अगर कार्रवाई नहीं की है तो सरकार उन्हें तत्काल हटाये।

अखिलेश यादव ने कहा कि फतेहपुर में घटी घटना, तेजी से खत्म होती भाजपा की निशानी है। जब-जब भाजपा और उनके संगी साथियों की पोल खुलने लगती है, तब-तब सौहार्द बिगाड़ने की साजिश की जाती है। जनता अब इस भाजपाई चाल को समझ गयी है। अब ऐसी करतूतों में जनता न तो अटकेगी और न ही इन घटनाओं से भटकेगी। उन्होंने कहा कि देखना ये है कि इस घटना के दोषियों की शिनाख्त लखनऊ के ड्रोन करेंगे या दिल्ली वालों के ड्रोन।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *