दूसरे दिन भी सपा अध्यक्ष को जन्म दिन की बधाई देने वालों की भीड़
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सपा प्रदेश मुख्यालय लखनऊ के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आये कार्यकतार्ओं, नेताओं से मुलाकात की, सभी ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। यादव ने सभी का धन्यवाद करते हुए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि कल भी बहुत बड़ी संख्या में लोगों ने बधाई और आशीर्वाद देने के साथ सहयोग दिया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा अहंकार में है। उसे सरकार का अहंकार है। भाजपा से सावधान रहना है। वह जातियों में नफरत घोलना चाहती है। समाज को धर्म और जाति के नाम पर लड़ाती है। विपक्षी दलों को बदनाम करने के लिए झूठा प्रचार करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों, नौजवानों, व्यापारियों, मजदूरों सभी को धोखा दे रही है। इस सरकार ने कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य सब कुछ बर्बाद कर दिया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा झूठे वादे और नारे देकर जनता को गुमराह करती है। भाजपा नारा विकसित भारत का देती है लेकिन गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा है। अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में सुविधाएं नहीं है। कहीं डॉक्टर नहीं, कहीं दवाएं और जांच की सुविधा नहीं है। इस सरकार में शिक्षा व्यवस्था का बुरा हाल है। सरकार ने जानबूझकर शिक्षा को बर्बाद किया है। निजीकरण को बढ़ावा दे रही है। भाजपा सरकार षडयंत्र के तहत प्रदेश में पांच हजार प्राथमिक विद्यालय बंद कर रही है। ये वही विद्यालय है, जिन्हें चुनाव के दौरान बूथ बनाया गया था और भाजपा लगातार हार रही है। भाजपा नकारात्मक राजनीति करती है। अगर इतनी बड़ी संख्या में विद्यालय बंद हो जाएंगे तो गरीब बच्चे कहां पढ़ेंगे। बेटियां दूर के स्कूल में कैसे पढ़ने जाएंगी।
इस अवसर पर सांसद अवधेश प्रसाद, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद अजेन्द्र लोधी, विधायक मनोज पारस एवं आशु मलिक, पूर्व विधायक पवन पाण्डेय, सांसद राजेन्द्र बाड़ी हरिद्वार, डॉ. शाजी पोथन थामस केरला, संत सुभाष महाराज, समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द गिरि, लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष राम करन निर्मल, अयोध्या के महंत रामदास जी महाराज बालयोगी, रितेश कुमार सिंह, नरेन्द्र गुर्जर, ममता सिंह एडवोकेट, कालिंदी राजभर, हरिभूषण खटिक मेरठ, समेत बड़ी संख्या में लोगों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर बधाई दी।
इस मौके पर कर्नाटक से प्रदेश अध्यक्ष एन मनजप्पा के नेतृत्व में पी.वेंकटमुजी, मंतेश पारील, रविन्द हजिलकर, आनन्द सीतीमाला, जयन्ना, राकेश कुमार ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर बधाई दी।
