Dainik Athah

पंचतत्व में विलीन हुईं सीएम योगी की मां सावित्री देवी,

हरिद्वार के चंडीघाट पर हुआ अंतिम संस्कार; भावुक हुए मुख्यमंत्री

 अथाह व्यूरो,

हरिद्वार/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी (91) का शनिवार को हरिद्वार के चंडीघाट पर पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री के सबसे छोटे भाई महेंद्र सिंह बिष्ट (महेंद्र मोहन) ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान सीएम योगी ने मां की चिता की परिक्रमा कर उन्हें अंतिम प्रणाम किया।

अंतिम दर्शन कर भावुक हुए सीएम योगी
शुक्रवार (20 नवंबर) सुबह करीब पौने ग्यारह बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित पैतृक गांव पंचूर में सावित्री देवी ने अंतिम सांस ली थी। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। निधन की सूचना मिलते ही सीएम योगी शुक्रवार शाम को अपने पैतृक गांव पहुंचे और सोशल मीडिया पर मां के अंतिम दर्शन की तस्वीर साझा करते हुए लिखा— “मां….ओम शांति।”परिवार के करीबी लोगों के अनुसार, सीएम योगी रात भर बिना कुछ खाए-पिए मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। शनिवार सुबह घर पर अंतिम रस्में पूरी होने के बाद जब अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना हुई, तो मां के अंतिम दर्शन कर सीएम योगी भावुक हो गए और उनकी आंखें छलक उठीं। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और अर्थी को कंधा भी दिया।

दिग्गज नेताओं और संतों ने दी श्रद्धांजलि
सुबह करीब 11:30 बजे चंडीघाट पर हुए अंतिम संस्कार में राजनीति और अध्यात्म जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, योग गुरु बाबा रामदेव, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज, यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह तथा सीएम के मुख्य सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी मौजूद रहे। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

परिवार और आगे का कार्यक्रम
सावित्री देवी अपने पीछे चार बेटे और तीन बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। सीएम योगी चार भाइयों में दूसरे स्थान पर हैं। उनके बड़े भाई मानवेंद्र सिंह बिष्ट और छोटे भाई महेंद्र सिंह बिष्ट गांव के पास ही बिथ्याणी महाविद्यालय में कार्यरत हैं, जबकि एक अन्य भाई शैलेंद्र मोहन बिष्ट भारतीय सेना की गढ़वाल राइफल्स में ऑनरेरी कैप्टन हैं। उनकी तीन बहनें पुष्पा चौधरी (दिल्ली), कौशल्या देवी (कोटद्वार) और शशि पायल (नीलकंठ मंदिर के पास, ऋषिकेश) हैं।मां की अंत्येष्टि के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना राजधर्म निभाते हुए शाम को लखनऊ लौटेंगे, जहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित ‘पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह’ में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *