सांसद अतुल गर्ग, मंत्री सुनील शर्मा और महापौर सुनीता दयाल ने दी शुभकामनाएं

अथाह संवाददाता
मुरादनगर। मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी का जन्मदिन मंगलवार को क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया। सुबह विधायक त्यागी ने मंदिर जाकर बाबा बजरंगबली का आशीर्वाद लिया और जनसेवा के संकल्प को दोहराया।

इस शुभ अवसर पर उनके आरडीसी कार्यालय सहित मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र के चार प्रमुख स्थानों – असलत नगर हनुमान मंदिर, मुरादनगर शहर, देहात क्षेत्र एवं कार्यालय परिसर में हनुमान जी की पूजा-अर्चना एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनता, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी देखने को मिली। पूरा क्षेत्र जन्मदिन की शुभकामनाओं से गूंज उठा।

विधायक को बधाई देने के लिए कई विशिष्टजन भी उपस्थित रहे। गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग, उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, शहर विधायक संजीव शर्मा और महापौर सुनीता दयाल,भाजपा महानगर अध्यक्ष मंयक गोयल विशेष रूप से विधायक के आरडीसी कार्यालय पहुंचे और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

इसी क्रम में राजपुर ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख राहुल चौधरी डेनी द्वारा एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने विधायक अजीत पाल त्यागी को बड़ी माला पहनाकर अभिनंदन किया और केक कटवाकर जन्मदिन का उल्लास मनाया।

पूरे दिन क्षेत्र में जन्मदिन के कार्यक्रमों की छटा देखते ही बन रही थी। जनसैलाब, भक्ति भाव और उत्सव का अद्भुत संगम जन्मदिवस को विशेष बना गया।















