Dainik Athah

देश में गरीब व वंचित वर्ग की आर्थिक मजबूती के लिए मजबूत भाजपा जरूरी है: धर्मपाल सिंह

कुशीनगर में भाजपा का अनुसूचित मोर्चा संवाद कार्यक्रम

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को कुशीनगर में अनुसूचित मोर्चा संवाद कार्यक्रम में जिले एवं मंडल के अनुसूचित जाति वर्ग के पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद किया।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि देश में गरीब व वंचित वर्ग की आर्थिक मजबूती के लिए मजबूत भाजपा जरूरी है। कांग्रेस व सपा सहित सभी विपक्षी दलों के ऐजेंडे में अपने परिवार की राजनैतिक विरासत को बचाना एकमात्र उददेश्य है। जिसके लिए विपक्षी दल जातिवाद, भ्रष्टाचार, अपराधिकरण तथा तुष्टीकरण को हथियार के रूप में उपयोग करते है। जनता में भ्रम पैदा करके गुमराह करना विपक्ष का अब नया ऐजेंडा है। जबकि भाजपा के ऐजेंडे में सिर्फ गरीब कल्याण का संकल्प निहित है। जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार में अनुसूचित जाति वर्ग की सामाजिक व आर्थिक उन्नति से परिलक्षित हो रहा है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों का आहवान करते हुए कहा कि मोदी जी व योगी जी के नेतृत्व की भाजपा सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाएं, अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक व आर्थिक उत्थान के लिए किए गए कार्य तथा बाबा साहेब के सम्मान में किए गए कार्यों को लेकर एक-एक घर और एक-एक व्यक्ति तक पहुंचना है। इसके साथ ही कांग्रेस, सपा सहित सभी विपक्षी दलों के बाबा साहेब, अनुसूचित जाति वर्ग तथा संविधान विरूद्ध किए गए अनैतिक कार्यों को तथ्यों के साथ अनुसूचित जाति वर्ग के बीच में पहुंचाना है। विपक्ष के झूठ और भ्रम का पदार्फाश करना है और हर षड़यंत्र को विफल करना है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार की प्रत्येक योजना गरीब कल्याण के लिए समर्पित है। भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर के सामाजिक न्याय के सिद्धान्त पर चलते हुए मोदी जन-जन की आत्मनिर्भरता से देश को आत्मनिर्भर व विकसित बनाने के लिए काम कर रहे हैै। गरीब को नि:शुल्क राशन, पक्का मकान, नि:शुल्क ईलाज, पीने के लिए शुद्ध नल से जल, किसान सम्मान निधि, घरों में शौचालय का निर्माण, उज्ज्वला योजना सहित केन्द्र सरकार के सभी निर्णयों में गरीबों के आर्थिक विकास की प्रतिबद्धता समाहित है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब से जुडे़ स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करके मोदी ने बाबा साहेब के प्रति सच्चे अर्थों में श्रद्धांजलि अर्पित की है। भाजपा की सरकारों ने बाबा साहेब द्वारा अनुसूचित वर्ग को दिए गए आरक्षण के अधिकार को सदैव मजबूत करने का काम किया है। वैभवशाली राष्ट्र निर्माण और संविधान की मजबूती तथा संविधान के प्रति आदर भाजपा की नीति है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 26 नवम्बर को संविधान दिवस के रूप मनाते हुए संविधान निमार्ता के प्रति कृतज्ञता प्रकट की है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने सदैव संविधान को कमजोर करने का काम किया और बाबा साहेब का विरोध व अपमान किया। देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को रक्तरंजित करने वाली कांग्रेस ने सदैव संविधान प्रदत्त लोकतांत्रिक मूल्यों की अवहेलना की। कांग्रेस ने नेहरू गांधी परिवार की राजनैतिक विरासत बचाने व उनकी आर्थिक उन्नति के ऐजेंडे पर हमेशा काम किया। बाबा साहेब को चुनाव में हराने के लिए षड़यंत्र हो या बाबा साहेब के निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में ना होने देने का षड़यंत्र हो, बाबा साहेब व अनुसूचित जाति वर्ग के विरोध का कांग्रेसी चेहरा देश ने देखा है। कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर में धारा 370 लगाकर अनुसूचित जाति के आरक्षण को लागू नही होने दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के मंच से बाबा साहेब को भू-माफिया कहा गया। अखिलेश यादव बाबा साहेब के चित्र में अपना चेहरा लगाकर बाबा साहेब का अपमान का काम कर रहे है। कांग्रेस और सपा के ऐजेंडे में परिवारवाद के साथ ही तुष्टीकरण और अपराधियों, माफियाओं का राजनैतिक संरक्षण समाहित है। यही कारण है कि सपा की सरकार में बहन, बेटी असुरक्षित थी और अपराधियों, भ्रष्टाचारियों व माफियाओं के राजनैतिक संरक्षण से प्रदेश में जंगलराज कायम था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *