- मेरठ में हुई विशाल पंचायत में लिया गया बड़ा निर्णय
- पंचायत में कहा गया कुछ संगठन विपक्ष की तरह, कुछ सरकारी पिट्ठू की तरह कर रहे काम
- भ्रष्ट सरकारी अफसरों व सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ काम करेगा नया संगठन

अथाह संवाददाता
मेरठ। टिकैत परिवार के नेतृत्व वाली भारतीय किसान यूनियन के साथ ही अन्य किसान संगठनों के रवैये से परेशान किसान अब नया संगठन खड़ा करेंगे। यह संगठन सरकर की गलत नीतियों एवं भ्रष्ट सरकारी अफसरों के खिलाफ मजबूत आंदोलन खड़ा करेगा। नया संगठन गाजियाबाद के किसान राजबीर सिंह के नेतृत्व में खड़ा किया जायेगा।
सोमवार को मेरठ में इवाया फार्म हाउस में एक किसान पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में पश्चिम उत्तर प्रदेश के दर्जनों जिलों से हजारों की संख्या में जिम्मेदार किसानों ने भाग लिया। पंचायत में किसानों ने किसानों की लगातार हो रही दुर्दशा पर चर्चा की जिसमें सभी ने एक विचार व्यक्त किया कि सरकारी की गलत नीतियों के साथ साथ किसानों के नाम पर बन रहे संगठनों की वजह से भी किसानों का लगातार नुकसान हो रहा है। किसान नेताओं ने कहा कि कुछ संगठन तो विपक्ष का चेहरा बन कर कार्य कर रहे हैं तथा कुछ संगठन सरकार के इशारों पर एक परिवार को गाली देने तथा सरकार का गुणगान करने में व्यस्त हैं तथा कुछ केवल टोल तक ही सीमित रह गये।
पंचायत में निर्णय लिया गया कि चौधरी राजबीर सिंह गाजियाबाद के नेतृत्व में एक नये संगठन का निर्माण किया जाए जिससे किसानों का कुछ भला हो सके। इसके साथ ही निर्णय लिया गया कि इस संगठन का प्रारूप अन्य संगठनों से अलग होगा। यह संगठन केवल किसान हित की बात करेगा तथा सरकारों की गलत नीतियों का व भ्रष्ट प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ मजबूत जन आंदोलन खड़ा कर अपनी सही बात मनवाने का काम करेगा। पंचायत में कहा गया कि हमारे इस विचार से जो भी किसान भाई या किसान संगठन सहमत हो उसका हम सब लोग खुले दिल से स्वागत करते है।
नये संगठन में ग्राम अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक सभी के लिए समान नियम लागू होंगे। पंचायत में विनोद जटोली की अध्यक्षता में एक कमेटी का भी गठन किया गया जो संगठन का नाम तय कर रजिस्ट्रेशन कराने का कार्य करेगी। संचालन अंकित चौधरी दतियाना तथा विनोद जटोली ने सयुक्त रूप से की। पंचायत में पहुंचे अंतराष्ट्रीय जाट संसद के प्रदेश अध्यक्ष मनु दांतल ने भी हर तरह से नए संगठन का समर्थन करने की घोषणा की।
पंचायत में मुख्य रूप से उद्यम सिंह, अक्षय त्यागी मुजफ्फरनगर, सुरेन चौहान हापुड़, विभोर शर्मा, दिनेश शर्मा, जीवन सिंह नोएडा, मनोज तेवतिया गाजियाबाद, सुरेंद्र इटावा, वीरेंद्र सिंह अमरोहा, सुमित सहारनपुर, जगबीर शामली, कौशल क्रांतिकारी, संजीव यादव, रमेश चंद शर्मा सम्भल, वीरेंद्र सिंह अमरोहा, ओमवीर मुरादाबाद, श्रवण सिंह रामपुर, प्रताप चौधरी बागपत, प्रहलाद सिंह बुलंदशहर, यहरावत खाप के प्रदेश प्रधान चौधरी अर्जुन सहरावत, सोनू खोखर, संजीव चौधरी, शुभम शर्मा, निक्की त्यागी समेत हजारों की संख्या में किसानों ने भाग लिया।