अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार समाज में नफरत फैला रही है। कारोबार रोक रही है। महंगाई, बेरोजगारी बढ़ा रही है। भाजपा स्वतंत्र रूप से काम करने वाली संस्थाओं को अपने नियंत्रण में करना चाहती है। सारी संस्थाओं को बर्बाद कर रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता से ऐसे हटेगी कि उसका कहीं अता-पता नहीं चलेगा।
समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में डॉ0 राममनोहर लोहिया सभागार में समाजवादी अल्पसंख्यक सभा की राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी और पदाधिकारियों की बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई रोकने में विफल है। हर चीज की कीमते बढ़ गयी है। सोना एक लाख रू0 से पार चला गया है। गरीब व्यक्ति अपनी बेटी की शादी कैसे करेगा। इस महंगाई में शादी-विवाह में गरीब बेटी को कुछ भी देने की स्थिति में नहीं है। क्या यही भाजपा का विकसित भारत है। क्या यही सबका साथ और सबका विकास है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी है। प्रयागराज महाकुंभ में हुए हादसे में श्रद्धालुओं की मौत के आंकड़े को लेकर पूरी सरकार ने झूठ बोला। मृतकों के परिजनों को मुआवजा न देना पड़े इसलिए मरने वालों की संख्या सिर्फ 37 बतायी। अब जब एक प्रतिष्ठित समाचार संस्था ने पूरा आंकड़ा और सच्चाई सामने ला दिया है तो सरकार कहीं भी मुंह दिखाने लायक नहीं बची है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने कुंभ हादसे में मृतको का सही आंकड़ा नहीं बताया लेकिन मृतकों के परिजनों के घर पहुंच कर पैसे दिए गए। अगर भगदड़ में लोग नहीं मरे तो किस नियम के तहत पैसे दिए गए और किसके आदेश पर पैसे दिए गए? जिन लोगों ने पैसे नहीं लिए उनका पैसा किसके पास गया।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग इस महाकुंभ जैसे पवित्र मामले में झूठ बोल सकते है वे भरोसे के लायक नहीं है। ऐसे लोगों पर वोटर लिस्ट और जातीय जनगणना के आंकड़ों के मामले में भरोसा नहीं किया जा सकता है। भाजपा सरकार आंकड़ों में हेर-फेर करती है। सभी लोगों को जातीय जनगणना के आंकड़ों पर ध्यान रखना होगा। पूरी तरह सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में हर विभाग में भ्रष्टाचार और लूट है। हर घर जल वाले विभाग में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। पानी की टंकिया हर महीने गिर रही है। इस सरकार ने बिजली व्यवस्था बर्बाद कर दिया है। अपने पूरे कार्यकाल में भाजपा सरकार ने बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए कोई काम नहीं किया। कोई पावर प्लांट नहीं लगाया। एक यूनिट भी बिजली उत्पादन नहीं बढ़ाया लेकिन अब यह सरकार गावों और शहरों की बिजली का बिल बढ़ाने जा रही है।
यादव ने कहा कि अगर बिजली सस्ती नहीं होगी तो उद्योग नहीं लगेंगे। कारोबार नहीं होगा। उत्तर प्रदेश में आज जिन पावर प्लांटो से बिजली का उत्पादन हो रहा है वह पावर प्लांट समाजवादी सरकार में लगाये गये थे। अभी हाल में जिन पावर प्लांटों का उद्घाटन हुआ उनका शिलान्यास समाजवादी सरकार में हुआ था। भाजपा सरकार ने बिजली विभाग की तरह स्वास्थ्य विभाग को भी बर्बाद कर दिया है। मेडिकल कॉलेज में आधारभूत ढ़ांचा नहीं है। मानक के अनुसार प्रोफेसर, डॉक्टर और अन्य तकनीकी स्टाफ नहीं है। मरीजो को इलाज और अन्य सुविधायें नहीं मिल रही है। एमबीबीएस की पढ़ाई करने वाले छात्रों को पूरी सुविधाएं नहीं मिल पा रही है। छात्र आवाज न उठाये इसके लिए सरकार ने निर्देश दिया है कि किसी छात्र को फेल न किया जाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार पीडीए की हकमारी कर रही है। नियमानुसार आरक्षण नहीं दे रही है। पीडीए के साथ हर स्तर पर अन्याय, अत्याचार कर रही है। समाजवादी पार्टी के विधायकों और नेताओं को झूठे मामलों में फंसाकर परेशान कर रही है। भाजपा सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। प्रयागराज में पाल समाज की बेटी को न्याय नहीं मिला। भाजपा सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री जातीय झगड़ा करा रहे है। प्रयागराज में बेटी को न्याय मिलना चाहिए।
एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि लड़ाई कहीं भी और किसी देश के बीच हो वह बंद होनी चाहिए। हम किसी युद्ध के पक्ष में नहीं है। हम केन्द्र सरकार से कहेंगे कि अपने देश के जो भी नागरिक युद्धग्रस्त देशों में जहां भी फंसे हुए है उन्हें वापस लाये।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी अल्पसंख्यक सभा पार्टी का बहुत महत्वपूर्ण संगठन है। बैठक में आये सभी पदाधिकारियों का आभार प्रकट करता हॅू। सभी ने संकल्प लिया है कि अपनी वोटर लिस्ट सुधारने का काम करेंगे। भाजपा की साजिश, षड्यंत्र और चुनाव में जो धांधली करती है उसे रोकने के लिए वोटर लिस्ट ठीक करने, गांव, गली और मोहल्लों में जाएंगे। जिन लोगों के वोट छूट गये है उसे बनवाएंगे। भाजपा ने जो फर्जी वोट बनवाएं है उसे पर आपत्ति दाखिल करेंगे।