मुरादनगर- सदर विधायक मिले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी एवं गाजियाबाद शहर विधायक संजीव शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें अपने अपने क्षेत्र के विकास कार्यों के प्रस्ताव सौंपे।
सोमवार को सुबह मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी एवं शहर विधायक संजीव शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके कालिदास मार्ग स्थित निवास पर मुलाकात की। इस दौरान अजीत पाल त्यागी ने जहां मुरादनगर क्षेत्र में विकास कार्यों एवं सड़कों के निर्माण के प्रस्ताव सौंपे, वहीं विधायक संजीव शर्मा ने मुख्यमंत्री को विकास के लिए 25 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मुख्यमंत्री से मंजूर करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि नगर निगम शहर विधानसभा क्षेत्र की कच्ची कालोनियों से करों की वसूली तो कर रहा है, लेकिन विकास कार्य नहीं करवा रहा। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री नगर निगम को निर्देश दें जिससे कच्ची कालोनियों में विकास कार्य हो सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों विधायकों से कहा कि विकास उनकी शीर्ष प्राथमिकता है, उनके प्रस्तावों पर शीघ्र कार्यवाही की जायेगी।