Dainik Athah

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर दोनों में हुआ मंथन

  • दिल्ली पहुंचे सीएम योगी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात
  • दो दिन पहले भाजपा के राष्टÑीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पहुंचे थे अमित शाह के घर
  • मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर भी सीएम योगी ने दी बधाई

अशोक ओझा
नयी दिल्ली।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सूत्रों की मानें तो दोनों की यह मुलाकात इसलिए खास थी कि अगले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश भाजपा को नया अध्यक्ष मिलने जा रहा है। यह सर्व विदित है कि उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वहीं होगा जिसको लेकर राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहमति जतायेंगे। इस दौरान मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूर होने पर भी योगी ने अमित शाह को बधाई दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को दोपहर दिल्ली पहुंचे और उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों की मुलाकात करीब 35 मिनट तक चली। बताया जाता है कि यह मुलाकात गृह मंत्री के 15 जून के लखनऊ के प्रस्तावित दौरे और यूपी में प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर हुई। इसके साथ ही बैठक में 2027 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव के साथ ही 2026 में होने वाले पंचायत चुनावों के मद्देनजर भाजपा के संगठनात्मक ढ़ांचे को मजबूत करने पर चर्चा हुई।

जल्द हो सकती है भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा
जिस प्रकार भाजपा संगठन चुनाव को लेकर दिल्ली में हलचल बढ़ी है उसे देखते हुए सूत्र बताते हैं कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा जल्द हो सकती है। दो दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रात करीब नौ बजे बाद गृह मंत्री अमित शाह के निवास पर पहुंचे थे। दोनों के बीच लंबी मंत्रणा हुई थी। माना जा रहा है कि दोनों की मुलाकात भाजपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही राष्टÑीय अध्यक्ष के मुद्दे पर हुई थी। इसके बाद सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अमित शाह से मुलाकात को भाजपा अध्यक्ष के चुनाव के मद्देनजर अहम माना जा रहा है।

सीएम योगी- संघ की सहमति से ही तय होगा प्रदेश अध्यक्ष का नाम
भाजपा सूत्रों की मानें तो भाजपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष का ताज उसी के सिर सजेगा जिस नाम पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ सहमत होंगे। इसका कारण यह भी भाजपा 2027 का विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में ही लड़ेगी, यह सैद्धांतिक रूप से भाजपा तय कर चुकी है। इसके साथ ही 2026 में उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव भी होने हैं। प्रदेश सरकार में सहयोगी दल के मंत्री ओमप्रकाश राजभर सरकार पर यह दबाव बना रहे हैं कि ब्लाक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव सीधे जनता से करवाये जायें, यह प्रस्ताव शासन में लंबित है।

दलित अथवा अति पिछड़ा के नाम पर गंभीरता
भाजपा में प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर मंथन के साथ ही इसके ऊपर भी मंथन चल रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष दलित समाज अथवा अति पिछड़ा वर्ग से बनाया जाये। इसका कारण सपा और कांग्रेस के पीडीए के वार को भोथरा करना है। कुछ उम्मीद ब्राह्मण चेहरे पर भी दांव लगाने पर है। इसके लिए अभी बड़ा नाम सांसद हरीश द्विवेदी का चल रहा है, जबकि पार्टी ओबीसी और दलित चेहरों की तलाश भी तेजी से कर रही है। संघ और पार्टी ऐसा चेहरा चाहते हैं जो संगठन पर मजबूत पकड़ रखने के साथ ही जनता में भी पार्टी के प्रति संदेश देने में सक्षम हो, केवल चेहरा ही बनकर न रह जाये।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *