Dainik Athah

हर घर तक मोदी सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाना है: भूपेंद्र सिंह चौधरी

  • मोदी सरकार के 11 वर्षों पर प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे उद्घाटन
  • सभी जिला केन्द्रों पर मोदी सरकार की 11 वर्ष की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी: धर्मपाल सिंह

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, आत्मनिर्भर शक्तिशाली भारत तथा विकास के साथ ही विरासत को समर्पित 11 वर्षों पर आधारित प्रदर्शनी का प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मंगलवार 10 जून को सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह के साथ उद्घाटन करेंगे। इसके पश्चात सुबह 10:45 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता करेंगे।
विकसित भारत का अमृतकाल एवं सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 11 वर्षों पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सोमवार को वर्चुअल प्लेटफार्म पर पार्टी पदाधिकारियों से संवाद किया। अभियान की प्रदेश वर्चुअल बैठक का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह ने किया। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, अभियान के प्रदेश, क्षेत्र व जिलों के संयोजक, मोर्चो के प्रदेश, क्षेत्र एवं जिलाध्यक्ष तथा मीडिया के प्रदेश, क्षेत्र व जिला के प्रभारी वर्चुअल माध्यम से जुडे़। इसके साथ ही अभियान के प्रदेश सहसंयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा, बसंत त्यागी एवं शिवभूषण सिंह भी उपस्थित रहे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने वर्चुअल बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के 11 वर्ष पूर्ण हो चुके है। मोदी सरकार के ऐतिहासिक निर्णय और उपलब्धियों से देश आर्थिक व सामरिक रूप से मजबूत हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प की सिद्धि से गरीब कल्याण, किसान का सम्मान, सड़कों से समृद्धि का खुला मार्ग, युवाओं के लिए अपार अवसर, मेन्यूफैक्चरिंग हब के रूप में विश्व में स्थापित भारत, महिला सशक्तिकरण, दुनिया में लगातार बढ़ता भारत का कद, विकास और विरासत से समृद्ध भारत विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हर बूथ तथा हर घर तक हमें इन उपलब्धियों को लेकर पहुंचना है। देश का प्रत्येक नागरिक तक देश की उपलब्धियां पहुंचे और वह देश के गौरव से जुड़कर विकसित व आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से स्वयं को जोडे़।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश के साथ ही सभी जिला केन्द्रों पर मोदी सरकार की 11 वर्ष की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही 10 से 11 जून 2025 को विकसित भारत की संकल्पना एंव हमारी भूमिका, सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 11 वर्ष तथा सशक्त भारत-सुरक्षित भारत विषयों पर प्रोफेशनल मीट आयोजित की जायेंगी। जिनमें विभिन्न प्रोफेशनल वर्गों के साथ संवाद किया जाएगा। बदलता भारत-मेरा अनुभव विषय पर डिजिटल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिसमें शार्ट वीडियो, ब्लॉग, क्विज प्रतियोगिता मे 9 जून से 9 जुलाई तक सहभागिता सुनिश्चित करना है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि 12 से 14 जून तक मंडल स्तर पर विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें सभी को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का काम करना है। विश्व योग दिवस पर 21 जून को मंडल स्तर पर योग शिविर आयोजित किए जायेंगे। शक्तिकेन्द्र पर चौपाल लगाकर केन्द्र सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान कार्ड के लिए पंजीकरण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न कार्यक्रमों केन्द्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला से लेकर बूथ तक के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा पार्टी के नेता व जनप्रतिनिधि कार्यक्रमों में सम्मिलित रहेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *