गंगा दशहरा पर मुरादनगर गंग नहर पर लगा रहा पूरे दिन जाम
अथाह संवाददाता
गाजियाबाद/ मुरादनगर। गंगा दशहरा के मौके पर दिल्ली- मेरठ मार्ग पर मुरादनगर गंग नहर पर लोगों को ध्वस्त हुई पुलिस व्यवस्था के कारण पूरे दिन जाम से जूझना पड़ा।
गुरूवार को गंगा दशहरा था। लेकिन गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस और यातायात पुलिस की लापरवाही से यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। सुबह दिन निकलने के समय जो जाम शुरू हुआ वह देर शाम तक जारी था। हालात यह थे कि गंग नहर को पार करने में वाहन चालकों के पौने घंटे से लेकर एक घंटे से ज्यादा का समय लग रहा था। गंग नहर पुल पर तो एक भी पुलिस कर्मी नजर नहीं आया। यहीं कारण था कि वाहन चालक एवं आटो वाले पुल पर ही सवारियां उतार और चढ़ा रहे थे।

नहीं रोका गया भारी वाहनों को
हालात यह थे कि पुलिस को जब पता चल गया कि गंग नहर पर जाम की स्थिति है, बावजूद इसके गाजियाबाद और मोदीनगर से भारी वाहनों को रोक कर उन्हें डायवर्ट नहीं किया गया। मौके पर पुलिस अधिकारी भी न के बराबर थे। केवल कांस्टेबलों के सहारे यातायात संचालित किया जा रहा था, कांस्टेबल भी केवल हाथ में मोबाइल लिए नजर आये। इस संबंध में जब एडिशनल डीसीपी यातायात सच्चिदानंद से बात की गई तो उनके पास केवल एक जवाब था कि दिखवा रहे हैं।