- भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने फूंका सपा सांसद रामजी लाल सुमन का पुतला
- कहा, राणा सांगा ने हिंदुओं- दलित समाज को आक्रांताओंं से मुक्त करवाया था

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर से टकराव के चलते चर्चा में आये लोनी से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कलक्ट्रेट पर राणा सांगा पर टिप्पणी करने वाले सपा सांसद रामजी लाल सुमन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान सुमन का पुतला भी जलाया। इसी दौरान गर्मी और लो ब्लड प्रेशर के चलते गुर्जर बेहोश हो गये। उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती करवाया गया।
मंगलवार को विधायक नंद किशोर गुर्जर बड़ी संख्या में लोगों के साथ गाजियाबाद कलक्ट्रेट पर पहुंचे और राणा सांगा पर टिप्पणी करने वाले सपा सांसद रामजी लाल सुमन का पुतला जलाया। इस मौके पर गुर्जर ने कहा कि राणा सांगा ने आक्रांताओं से अनेक युद्ध किये। इतना ही नहीं दलित समाज के लोगों एवं हिंदुओं को आक्रांताओं के बंधनों से मुक्त करवाने में सफलता प्राप्त की थी। उन्होंने कहा कि सुमन जैसे लोगों को इतिहास की जानकारी ही नहीं है।
पुतला जलाने के कुछ ही देर में विधायक नंद किशोर गुर्जर को चक्कर आया और वे बेहोश होकर वहीं गिर गये। यह देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इसके बाद उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां इमरजेंसी में उन्हें भर्ती किया गया। अस्पताल के अनुसार कई दिनों से भोजन न ग्रहण करने एवं नंगे पैरों के कारण उनका ब्लड प्रेशर लो हो गया था। उनका देर शाम तक अस्पताल में उपचार किया गया।

अस्पताल में लगा रहा भाजपा नेताओं- समर्थकों का जमावड़ा
जैसे ही लोगों को पता चला कि विधायक नंद किशोर गुर्जर बेहोश हो गये और अस्पताल में भर्ती है उसके बाद उनके समर्थकों एवं भाजपा नेताओं का अस्पताल में जमावड़ा लग गया। भाजपा जिलाध्यक्ष चैन पाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल समेत बड़ी संख्या में लोग उनका हालचाल लेने पहुंचे। देर शाम उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली।