Dainik Athah

भाजपा सरकार ने समाज को बांटने और नफरत फैलाने का काम किया: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में समाज को बांटने और नफरत फैलाने के अलावा कोई काम नहीं किया। झूठ, लूट और बेईमानी की नीति पर चलते हुए भाजपा सरकार ने प्रदेश को महंगाई, बेरोजगारी और अराजकता के अंधकार में धकेल दिया है। सरकारी धन के दुरुपयोग और झूठे प्रचार से भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, ध्वस्त कानून व्यवस्था और नाकामियों को छिपाना चाहती है। लेकिन जनता सब जानती है। वह भाजपा को 2027 के विधानसभा चुनाव में सबक सिखाने को तैयार बैठी है।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने, निवेश और जीरो टॉलरेंस के नाम पर प्रदेश की जनता को धोखा देने का काम किया है। पूरे प्रदेश में अन्याय, अत्याचार चरम पर है। गरीबों को न्याय नहीं मिल रहा है। सत्ता के संरक्षण में दबंगों की दादागीरी चल रही है। सत्ताशीर्ष से लेकर थाने, तहसील तक अधिकारी, कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त है। हर काम में कमीशनखोरी और मुनाफाखोरी की इंतिहा हो गई है। उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार हर मानक में पिछड़ता जा रहा है। कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। बेटियों, महिलाओं के साथ अपराध की घटनाओं में उत्तर प्रदेश सबसे ऊपर पहुंच गया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से छेड़खानी की घटनाएं सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों से हर वर्ग परेशान है। जनता 2027 के चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाकर इस कुशासन का अंत कर देगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *