Dainik Athah

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह- महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने सीएम योगी को दी बधाई

जीरो टोलरेंस के साथ प्रदेश भाजपा सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने पर

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सबका साथ-सबका विकास की नीति व अपराध पर जीरो टॉलरेंस के संकल्प के साथ प्रदेश भाजपा सरकार के सफलतम 08 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि 2017 में यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के नए युग का आरंभ हुआ था, जहां सुरक्षा, सुशासन एवं विकास की नीतियों से राज्य को एक नई दिशा मिली। इन 8 वर्षों में प्रदेश सरकार ने अनेकों जनकल्याणकारी कार्य किए, जिनके द्वारा राज्य के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। प्रदेश सरकार की सुदृढ़ कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अपराध तथा अपराधियों के विरूद्व जीरो टॉलरेंस की नीति ने महिला, युवा, व्यापारी, किसान सहित सभी प्रदेशवासियों को सुरक्षा की गारंटी दी है।

चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के उत्कर्ष के आठ वर्ष में प्रदेश में भयमुक्त वातावरण में रिफार्म, परफार्म तथा ट्रांसफार्म के मंत्र के साथ निवेश का वातावरण बना है, जिससे प्रदेश के युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार के अवसर मिल रहे है। अन्नदाता के उत्थान के संकल्प से प्रदेश सरकार की योजनाएं किसानों को समर्पित रही। गन्ना किसानों के भुगतान से गन्ना किसान समृद्ध हुए है। हर खेत को पानी के संकल्प को पूर्ण करने की ओर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। भाजपा सरकार से प्रदेश में सशक्त नारी से समृद्ध समाज की अवधारणा मजबूत हुई है। प्रदेश में सभी के लिए शिक्षा, सुरक्षा, चिकित्सा और खाद्यान की प्रतिबद्धता के साथ काम करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय को साकार रूप दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित उनकी पूरी टीम को उत्तर प्रदेश के उत्कर्ष के आठ वर्ष के लिए बधाई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *