प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने जारी किया कारण बताओ नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने लोनी से भाजपा विधायक नन्द किशोर गुर्जर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनसे पत्र मिलने के सात दिन में जवाब मांगा गया है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने बताया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने भाजपा विधायक नन्द किशोर गुर्जर को कारण बताओ नोटिस जारी किया। कारण बताओ नोटिस में नन्द किशोर गुर्जर से स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है कि पिछले कुछ समय से आपके द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर सरकार की आलोचना की जा रही है एवं आपके वक्तव्यों व कृत्यों से पार्टी की प्रतिष्ठा को आघात पहुंच रहा है, जो कि अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निदेर्शानुसार आपको सूचित किया जाता है कि इस पत्र प्राप्ति के सात दिन के अन्दर स्पष्टिकरण दें, कि क्यों न आपके विरुद्ध आनुशासनहीनता की कार्यवाही की जाए।
इस संबंध में विधायक नंद किशोर गुर्जर से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।