Dainik Athah

अपराधियों में पुलिस का डर नहीं रह गया है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। महिलाएं, बहन, बेटियां असुरक्षित हैं। उत्तर प्रदेश में हर दिन जिलों-जिलों में महिलाओं के साथ जघन्य घटनाएं हो रही हैं। कानून व्यवस्था बहुत खराब हो चुकी है। अपराधियों में पुलिस का डर नहीं रह गया है।
यादव ने कहा प्रयागराज में एक बेटी की हत्या करके शव को पेड़ से लटकाकर जिन्होंने सीनाजोरी की है उनके खिलाफ कुछ कार्रवाई होगी क्या? उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा का मुद्दा सिर्फ़ भाजपाई नारों में सिमट कर रह गया है। उन्होंने कहा प्रयागराज की ही तरह प्रदेश में महिलाओं के साथ अपराध, दुष्कर्म, छेड़खानी और हत्या की घटनाएं लगातार सामने आ रही है। महिला सुरक्षा और अपराध पर भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो हो चुका है। कानून व्यवस्था और अपराधों पर जीरो टॉलरेंस का राग अलापने वाली सरकार में महिला कर्मचारी और अधिकारी ही उत्पीड़न का षिकार हैं। वाराणसी में महिला डिप्टी जेलर की आपबीती बेहद गंभीर है। प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा चिंता का विषय बना हुआ है।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में महिला सुरक्षा को लेकर कई काम हुए थे। वीमेन हेल्पलाइन 1090 सेवा शुरू की गई थी, जिसे महिलाएं अपने साथ होने वाली घटनाओं शिकायत करके सुरक्षा मांग सकती थी लेकिन भाजपा सरकार में सब बर्बाद कर दिया। इसी तरह से इस सरकार में डायल 100 सेवा को भी खराब कर दिया। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी की सरकार के शासनकाल में उत्तर प्रदेश में शुरू हुए महिला सुरक्षा के लिए समर्पित 1090 मॉडल को अब राजस्थान सरकार अपना रही है। आशा है इससे राजस्थान में नारी की सुरक्षा की एक प्रभावकारी और सार्थक व्यवस्था तैयार होगी। पीडीए के आंदोलन में आधी आबादी के रूप में स्त्री हमेशा महत्वपूर्ण रही है, इसीलिए समाजवादी सरकार में हर बालिका, युवती और नारी में सुरक्षा के भाव और उनमें आत्मविश्वास का संचार करने के लिए ऐसे सुरक्षात्मक कदम उठाए गये थे। सकारात्मक काम, सकारात्मक राजनीति के लिए प्रेरणा बनते हैं, समाज को समर्पित समाजवादी पार्टी के कामों की सबसे बड़ी उपलब्धि है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *