लोनी के चैनपाल सिंह बेसौया को मिली जिले की कमान


अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार रविवार को भाजपा आला कमान ने संगठन में बदलाव करते हुए नए जिलाध्यक्षो और महानगर अध्यक्षों के नाम की घोषणा कर दी। गाजियाबाद में प्रदेश चुनाव अधिकारी के निर्देश पर भाजपा कार्यालय पर चुनाव पर्यवेक्षक, पूर्व मंत्री एवं विधायक अनुपमा जायसवाल ने कार्यकतार्ओं की मौजूदगी में जिलाध्यक्ष के रूप में चैनपाल सिंह गुर्जर के नाम का ऐलान किया।

इससे पहले प्रभारी पर्यवेक्षक के रूप में आए मनीष पप्पू, विधायक डा. मंजू शिवाच, वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्णवीर सिरोही, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, सत्यवीर राघव, निवर्तमान जिलाध्यक्ष सतपाल प्रधान ने अपने विचार रखे तथा सभी ने संगठन पर्व 2025 कार्यक्रम में नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष का तन,मन से सहयोग का आश्वाशन दिया और उनके साथ कंधा से कंधा मिलाकर संगठन की मजबूती पर बल दिया। आखिर में पर्यवेक्षक के तौर पर आई पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल ने प्रदेश संगठन की संस्तुति पर चयनित जिलाध्यक्ष चौ. चैनपाल सिंह बेसौया के नाम की घोषणा की। चैन पाल सिंह के नाम की घोषणा होते ही कार्यकतार्ओं ने जयश्रीराम व भारत माता की जय के नारे लगाने शुरू कर दिए। नाम की घोषणा होते ही कार्यकतार्ओं ने फूलमाला व गुलदस्ते देकर नए जिलाध्यक्ष का स्वागत किया।
जिलाध्यक्ष के नामांकन के मौके पर लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर भी पहुंचे और नव नियुक्त जिलाध्यक्ष का बुके देकर स्वागत किया ततपश्चात लोनी क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्षों ने भी चैन पाल सिंह का स्वागत किया। कार्यक्रम में भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि चैन पाल सिंह एक मजबूत जिलाध्यक्ष साबित होंगे तथा सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे। जिला- महानगर भाजपा कार्यालय पर नंद किशोर गुर्जर एवं चैनपाल सिंह काफी समय तक कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की शुभकामनाएं लेते रहे।
इस मौके पर संजीव शर्मा, हिमांशु शर्मा, नितिन मित्तल, देवेंद्र चौधरी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे जिन्होंने नव नियुक्त जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह को बधाई दी।