- देर रात भाजपा ने जिला- महानगर अध्यक्षों की घोषणा में किया फेरबदल
- सभी जिले लखनऊ से लाइव जुड़ेंगे प्रदेश चुनाव अधिकारी- संगठन महामंत्री से
- सभी कार्यकर्ता करेंगे स्वागत
- प्रदेशभर में हर जिले में एक कार्यक्रम, लखनऊ- गाजियाबाद में होेंगे जिला- महानगर अध्यक्ष के अलग अलग कार्यक्रम

अशोक ओझा
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के जिला- महानगर अध्यक्षों की घोषणा अब 15 मार्च को नहीं होगी। जिलों में संगठन पर्व के तहत बड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे जिसमें जिला चुनाव अधिकारी लखनऊ से नाम आने के बाद मौके पर ही अध्यक्ष की घोषणा करेंगे और सभी कार्यकर्ताओं के साथ ही मंत्री, सांसद और विधायक समेत सभी जन प्रतिनिधि नये अध्यक्ष का स्वागत करेंगे।
सूत्रों के अनुसार भाजपा ने संगठन पर्व के तहत जिला- महानगर अध्यक्षों की घोषणा भी पर्व की भांति ही करने का निर्णय लिया है। हर जिले में 16 मार्च को बड़े कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे जिसमें मुख्य रूप से प्रदेश और केंद्र सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक समेत सभी दावेदार एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। जिला चुनाव अधिकारी अपने आवंटित जिले में 15 मार्च की रात अथवा 16 मार्च की सुबह तक पहुंच जायेंगे। इसके बाद दोपहर दो बजे से संगठन पर्व के तहत कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मंच पर जिला चुनाव अधिकारी के मोबाइल पर आयेगा अध्यक्ष का नाम
सूत्र बताते हैं कि प्रदेश चुनाव अधिकारी डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने सभी जिलों को गोपनीय पत्र भेजकर कहा है कि मंच पर सभी प्रमुख लोग उपस्थित रहेंगे। दो बजे के बाद जिला चुनाव अधिकारी के मोबाइल पर लखनऊ से अध्यक्ष का नाम आयेगा जिसकी घोषणा मंच पर की जायेगी। इससे पहले किसी को भी नाम की जानकारी नहीं मिलेगी। यह नाम भी प्रदेश चुनाव अधिकारी स्वयं अपने मोबाइल से भेजेंंगे।
कार्यकर्ताओं की हर गतिविधि पर लखनऊ से रखी जायेगी सीधी नजर
इतना ही नहीं लखनऊ से भाजपा के प्रदेश चुनाव अधिकारी डा. महेंद्र नाथ पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये लाइव हर जिले से जुड़े होंगे। वे कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे।
गाजियाबाद- लखनऊ में होंगे दो दो कार्यक्रम
भाजपा सूत्रों के अनुसार गाजियाबाद व लखनऊ अपवाद रहेंगे। प्रदेश के हर जिले में जहां एक एक कार्यक्रम होंगे, वहीं गाजियाबाद व लखनऊ में जिला- महानगर के अलग अलग कार्यक्रम आयोजित होंगे। संभावित अध्यक्षों के नामों की गोपनीयता बरकरार बनाये रखने के लिए ही जिला चुनाव अधिकारी के मोबाइल नंबर पर संगठन पर्व के दौरान दोपहर दो बजे के बाद अध्यक्ष का नाम आयेगा।