Dainik Athah

प्रदेश में भाजपा सरकार के संरक्षण में अराजकता हावी है: अखिलेश यादव



अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार भूमाफियाओं और अपराधियों को संरक्षण दे रही है। भाजपा सबसे बड़ी भूमाफिया पार्टी है। पूरे प्रदेश में भाजपा के संरक्षण में भूमाफियाओं का आतंक है। जब से भाजपा सत्ता में आयी है, भाजपा के लोग गरीबों को प्रताड़ित कर जगह-जगह जमीनों पर जबरन रजिस्ट्री कराकर कब्जे कर रहे हैं।


यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान अयोध्या समेत कई जिलों में हुई जमींनों की रजिस्ट्रियां देख ली जाय तो पूरी पोल खुल जायेगी। अब तो हद हो गयी कि सेना के पूर्व अधिकारी की जमीनों पर भी भूमाफिया कब्जा कर रहे हैं। विरोध करने पर मारपीट करते है। धमकी देते हैं। कानून व्यवस्था की इससे खराब तस्वीर और क्या हो सकती है कि भूमाफियाओं ने सेना के रिटायर्ड ब्रिगेडियर की जमीन पर कब्जा कर लिया और विरोध करने पर जानलेवा हमला किया। पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। हत्या, लूट, बलात्कार, जमीनों पर कब्जे की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। विवाद में प्रदेश में हर दिन हत्याएं हो रही है। हालात बद-से-बदतर होती जा रही है। स्थितियां अब और बदहाल होती जा रही है। भाजपा सरकार में हर जिले में तेजी से भूमाफियां पनप रहे हैं।


अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के जिलों-जिलों में दबंगों द्वारा ऐसी तमाम घटनाएं हो रही है। सरकार के संरक्षण में जमीनों में बड़े पैमाने पर हेराफेरी हो रही है। जमीनों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। अयोध्या समेत कई स्थानों पर सरकार खुद जमीनों को गरीबों, किसानों से कौड़ियों के भाव छीन कर अपने चहेतों को दे रही है। भाजपा सरकार की जमीनों को कब्जाने की नीति से गरीब और किसान परेशान है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार के संरक्षण में अराजकता हावी है। सत्ता के दबाव में पुलिस प्रशासन गरीबों, असहायों की सुनवाई नहीं कर रहा है। जनता में भाजपा की कार्यप्रणाली और नीतियों के खिलाफ आक्रोश बढ़ रहा है। गरीबों, पीड़ितों की आह 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के सत्ता के अहंकार को पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर देगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *