Dainik Athah

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बैंच बनाई जाये, वादकारी होते हैं परेशान: नंद किशोर गुर्जर

  • विधायक नंद किशोर गुर्जर ने विधानसभा में रखी मांग- गाय को राजमाता का दर्जा दिया जाये
  • लोनी नगर पालिका को नगर निगम बनाया जाये, जिससे समस्या हल हो
  • पश्चिमी उत्तर प्रदेश में महाभारत सर्किट बनाकर विकास हो, पर्यटन भी बढ़ेगा

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
लोनी से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने विधानसभा में गाय को जहां गौमाता का दर्जा देने की मांग की, वहीं उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बैंच की मांग की प्रमुखता से रखी। इसके साथ ही लोनी में नगर निगम बनाने की मांग रखी।
विधायक नंद किशोर गुर्जर ने विधानसभा में कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से इलाहाबाद इतना दूर जितना लाहौर। उन्होंने कहा कि गरीब वादकारियों को इलाहाबाद जाना बहुत पीड़ादायक होता है। गरीब लोग रात फुटपाथ पर इलाहाबाद में गुजारते हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिवक्ता लंबे समय से हाईकोर्ट बैंच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इतना ही नहीं हर शनिवार को हाईकोर्ट बैंच की मांग को लेकर पूरे पश्चिम के अधिवक्ता हड़ताल पर रहते हैं। उन्होंने मांग की कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर, मेरठ या आगरा कहीं पर भी हाईकोर्ट बैंच की स्थापना की जाये।
इसके साथ ही नंद किशोर गुर्जर ने लोनी की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि 2011 की जनगणना के अनुसार लोनी नगर पालिका क्षेत्र की आबादी 5.11 लाख है। उन्होंने इसे ध्यान में रखते हुए लोनी को नगर निगम घोषित करने की मांग की। इसके साथ ही लोनी में जल निकासी की समस्या के मद्देनजर विशेष पैकेज देने की मांग प्रदेश के मुख्यमंत्री से की। इतना ही नहीं उन्होंने लोनी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग भी की। दिल्ली- सहारनपुर रोड निर्माण में भ्रष्टाचार की जांच की मांग करते हुए जो भी समस्या है उसे दूर करने की मांग की। इतना ही नहीं लोनी में डिग्री कॉलेज की मांग भी रखी।
बाक्स

पश्चिमी उप्र में हो महाभारत सर्किट का निर्माण
उन्होंने महाभारत काल में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हस्तिनापुर समेत अन्य स्थानों का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिमी उप्र का महाभारत काल में विशेष महत्व है। ऐसे में पश्चिम में महाभारत सर्किट का निर्माण किया जाये, इससे जहां धरोहर संरक्षित होगी, वहीं दूसरी तरफ पर्यटन भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि अन्य स्थानों का विकास बहुत हो गया, अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास की आवश्यकता है।
बाक्स

पुरा महादेव के विकास की आवश्यकता
लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि बागपत के पुरा महादेव प्राचीन मंदिर है। भगवान शंकर ने यहां पर राक्षस का वध किया था। हर वर्ष यहां पर करीब 30 लाख कांवड़ चढ़ती है। ऐसे में आवश्यकता है कि पुरा महादेव का धार्मिक स्थल के रूप में विकास किया जाये, इससे पर्यटन भी बढ़ेगा।
बाक्स

गाय को राजमाता का दर्जा दें प्रदेश सरकार
विधायक नंद किशोर गुर्जर ने गौमाता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के राज में गौकशी पर बहुत हद तक रोक लगी है। उन्होंने कहा कि बावजूद इसके यदाकदा गौकशी होती है, इसमें कहीं न कहीं अधिकारी भी गड़बड़ करते हैं। उन्होंने मांग की कि यदि गाय को राजमाता का दर्जा प्रदेश में प्रदान कर दिया जाये तो गौकशी पूरी तरह समाप्त हो जायेगी। इसके साथ ही दूध की किल्लत भी समाप्त होगी तथा माहौल भी नहीं बिगड़ेगा। उन्होंने साथी विधायकों से अपील की कि वे वे गौवंश के संरक्षण के लिए एक एक गौशाला को अवश्य गोद लें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *