Dainik Athah

पुलिस की इतनी संवेदनहीनता पहले कभी नहीं देखी गयी थी: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को जंगलराज में बदल दिया है। पुलिस निर्दोष लोगों को फर्जी मामलों में पकड़कर प्रताड़ित करती है। पीट-पीट कर मार डाल रही हैं, राजधानी लखनऊ में एक पखवारे में दो युवाओं की पुलिस हिरासत में पिटाई से मौत हो चुकी है। विकासनगर के अमन गौतम के बाद शनिवार को चिनहट की पुलिस ने कारोबारी मोहित पाण्डेय की पीटकर हत्या कर दी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने मारा-पीटा और पीड़ित को मांगने पर पीने का पानी नहीं दिया। तड़पा करके मार दिया। इतनी संवेदनहीनता पहले कभी नहीं देखी गयी थी।
यादव ने कहा कि नाम बदलने में माहिर भाजपा सरकार को अब पुलिस हिरासत का नाम बदलकर अत्याचार गृह रख देना चाहिए। श्री यादव ने कहा कि हम पीड़ित परिवार के साथ हैं। पीड़ित परिवार की हर मांग पूरी की जाय। उन्होंने कहा कि पुलिस हिरासत में मौतों के मामले में भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश नम्बर एक पर है। इसी तरह से फर्जी एनकाउंटर में भी यूपी देश में सबसे ऊपर है। सत्ता संरक्षण में पुलिस खुद अराजकता पर उतारू हो गयी है। कानून का राज खत्म हो गया है। लोगों में डर का माहौल है। भाजपा सरकार और पुलिस से जनता का भरोसा खत्म हो गया है। पुलिस गरीबों, निर्दोष लोगों पर रौब झाड़ती है और उन्हें प्रताड़ित करती है। भाजपा सरकार के संरक्षण में अपराधी और माफिया बच जाते है।
अखिलेश यादव ने कहा भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश की चर्चा विकास और सकारात्मक कार्यों के बजाय हत्या, लूट, बलात्कार, पुलिस हिरासत में मौत, भ्रष्टाचार, दंगे और बवाल जैसे नकारात्मक वजहों से है। शनिवार को ही चित्रकूट में अस्पताल से घर जा रही नर्स से सामूहिक बलात्कार की घटना और मारपीट हुई। बदमाशों ने नर्स को रेलवे लाइन पर फेंक दिया। इससे पहले कानपुर में महिला पुलिस के साथ दुष्कर्म की घटना हुई। कानपुर में ही एक महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या कर उसका शव कई महीने बाद जिलाधिकारी आवास के पास मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भाजपा सरकार महिलाओं, बहन, बेटियों को सुरक्षा देने में नाकाम है। लगातार हो रही अपराध की घटनाओं से महिलाएं, बेटियां दहशत में है। महिला सुरक्षा को लेकर भाजपा की पोल खुल गयी है। आने वाले समय में आधी आबादी महिलाएं और प्रदेश की जनता भाजपा के दु:खदायी शासन का अंत कर देगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *