Dainik Athah

जिला स्तर पर भी कार्यशालाएं आयोजित कर चुनाव प्रशिक्षण दिया जाएगा: डा. महेंन्द्र नाथ पांडेय

  • भाजपा संगठन चुनाव की बैठक
  • प्रदेश कार्यशाला 28 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित की जाएगी: धर्मपाल सिंह

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश चुनाव अधिकारी डा. महेन्द्रनाथ पाण्डेय, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में पार्टी के संगठन चुनाव की बैठक बुधवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में संपन्न हुई।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकतार्ओं के परिश्रम से सदस्यता अभियान अभूतपूर्व व ऐतिहासिक सफलता के साथ आगे बढ़ रहा है। सदस्यता अभियान के साथ ही चल रहे सक्रिय सदस्यता अभियान के माध्यम से पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकतार्ओं की सक्रिय सदस्यता का नवीनीकरण हो रहा है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में नए लोग भी भाजपा के सक्रिय सदस्य बन रहे है। भाजपा संवैधानिक व्यवस्था से संचालित होने वाला देश का एक मात्र राजनैतिक दल है। सदस्यता अभियान के बाद संगठन की संवैधानिक व्यवस्था के अनुरूप संगठनात्मक दायित्वों के लिए चुनाव की प्रक्रिया प्रारम्भ हुई है। आगामी समय में संगठन में चुनाव के माध्यम से योग्य कार्यकर्ता विभिन्न दायित्वों पर पहुंचेगे। आज संगठन चुनाव की पहली बैठक में संगठन चुनाव की प्रदेश टीम का अभिनंदन करता हूं।

पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश के संगठन चुनाव अधिकारी डा. महेन्द्रनाथ पाण्डेय ने कहा कि संगठन पर्व 2024 पर सदस्यता अभियान का क्रम जारी है और सक्रिय सदस्यता अभियान भी चल रहा है। इसके साथ-साथ समयबद्ध रूप से सक्रिय सदस्यता पूर्ण होते ही संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया प्रारम्भ हो गयी है। केन्द्रीय चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण ने मुझे प्रदेश चुनाव अधिकारी तथा प्रदेश के छह सह चुनाव अधिकारी घोषित किये है। संगठन के केन्द्रीय मार्गदर्शन के क्रम में संगठन के चुनाव कार्यक्रम में केन्द्रीय स्तर पर कार्यशाला संपन्न हो चुकी है। आगामी दिनों में प्रदेश व जिला स्तर पर भी कार्यशालाएं आयोजित कर चुनाव प्रशिक्षण दिया जाएगा। मंडल, जिला तथा प्रदेश के चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा केन्द्रीय चुनाव अधिकारी करेंगे।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि संगठन चुनाव की प्रारंभिक तैयारियों के लिए आज बैठक हुई है, इसके साथ ही चुनाव की प्रक्रिया भी प्रारम्भ हो गई है। प्रदेश की कार्यशाला आगामी 28 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित की जाएगी। जिला स्तर पर पांच नवम्बर को कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। कार्यशालाओं के माध्यम से बूथ, मंडल, व जिला स्तर पर होने वाले संगठन के चुनाव की प्रक्रिया चुनाव से संबंधित पदाधिकारियों तक पहुंचेगी और सर्वस्पशी व सर्वसमावेशी बूथ, मंडल तथा जिले की समितियां गठित होगी।

बैठक में प्रदेश महामंत्री व प्रदेश सदस्यता प्रभारी गोविन्द नारायण शुक्ला, प्रदेश के सह चुनाव अधिकारी हरीश कुमार सिंह, अनिल चौधरी, रंजना उपाध्याय, मुकुट बिहारी वर्मा, कमलेश कुमार तथा राजेन्द्र तिवारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *