Dainik Athah

कानून व्यवस्था को लेकर सरकार के सारे दावे झूठे है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाएं बढ़ती जा रही है। कानून व्यवस्था को लेकर सरकार के सारे दावे झूठे है। अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं हैं प्रदेश के हर जिले में अपराधिक घटनाएं हो रही है।

यादव ने कहा कि सरकार का कानून व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो हो चुका है। प्रदेश में हर सप्ताह अपराध की सैकड़ों घटनाएं हो रही है। राजधानी में रिटायर्ड आईएएस से लूट हुई। लखनऊ में ही एक डिलीवरी ब्वॉय से लूट और उसकी हत्या हो गयी। पिछले दिनों लखनऊ में ही एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गयी। कल ही सोमवार को गजरौला में प्रापर्टी डीलर की हत्या हो गयी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में असली अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती है। इसी कारण महिलाओं के साथ दुष्कर्म और सामूहिक बलात्कार की घटनाएं बढ़ती जा रही है। उत्तर प्रदेश महिला अपराध के मामले में देश में नम्बर एक पर पहुंच गया है। यह बेहद शर्मनाक है। मुख्यमंत्री जी से लेकर सरकार के अन्य जिम्मेदार इसे रोकने के लिए कोई ठोस कार्रवाई के बजाय सिर्फ कागजी बयानों और बैठकों के जरिए रोकने का दावा करते नहीं थकते।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार कानून व्यवस्था सुधारने और महिला अपराध रोकने के बजाय राजनीतिक विरोधियों को झूठे मामलों में फंसाने और बदनाम करने के लिए षडयंत्र रचती है। जब सरकार लोगों को न्याय देने के बजाय पुलिस का इस्तेमाल कर लोगों के साथ अन्याय और साजिश करेगी तो कानून व्यवस्था कैसे सुधरेगी। उत्तर प्रदेश को ध्वस्त कानून व्यवस्था और बढ़ते भ्रष्टाचार को लेकर खुद भाजपा के नेता और जनप्रतिनिधि त्रस्त होकर आवाज उठाने पर मजबूर है।

यादव ने कहा कि आगरा के एक भाजपा विधायक ने पुलिस पर तमाम तरह के आरोप लगाते हुए जो चिट्ठी लिखी थी, सार्वजनिक है। सच्चाई यह है कि भाजपा सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। पुलिस का प्रयोग राजनीतिक विरोधियों और गरीबों को डराने के लिए कर रही है। निदोर्षों को झूठे मामलों में फंसाकर परेशान और अपमानित किया जाता है और आपराधिक मामलों में लिप्त अपराधी घटनाओं को अंजाम देकर बच निकलते है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा बनाये गए अराजकता और जंगलराज के कारण परेशान जनता आने वाले चुनाव में बीजेपी को सत्ता से हटाकर ही दम लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *