Dainik Athah

प्रदेश में भाजपा 2 करोड़ से अधिक सदस्य बनाायेगी: भूपेंद्र सिंह चौधरी

  • संगठनात्मक पर्व के तहत भाजपा की सदस्यता अभियान बैठक
  • 1 से संदस्यता अभियान का दूसरा चरण, लगाये जायेंगे कैंप: धर्मपाल सिंह
  • तीसरे चरण में सक्रिय सदस्यता अभियान में अधिक से अधिक सक्रिय सदस्य बनायें

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक पर्व के तहत सदस्यता अभियान बैठक राजधानी लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार में सोमवार को सम्पन्न हुई। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बैठक में सदस्यता अभियान की समीक्षा की तथा द्वितीय चरण में अभियान की सफलता के लिए आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की। बैठक में अभियान के प्रदेश संयोजक व प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला के साथ प्रदेश सदस्यता टोली के सदस्य के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत व रामप्रताप सिंह चौहान की उपस्थिति रही। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री अमर पाल मौर्य ने किया। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारी उपस्थित रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकतार्ओं के अथक परिश्रम से सदस्यता अभियान का प्रथम चरण ऐतिहासिक रूप से सफल हुआ है। सदस्यता अभियान का द्वितीय चरण 1 से 15 अक्टूबर तक चलेगा। पार्टी की प्रदेश इकाई ने दो करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य लिया था। पार्टी प्रदेश में दो करोड़ सदस्य बनाने के लक्ष्य से अधिक सदस्यता करेगी। बड़ी संख्या में पार्टी के सक्रिय सदस्य बनेंगे, जो आगामी समय में पार्टी के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होना चाहिए हम सभी से संपर्क करें और सभी को भाजपा से जोड़ने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि यह ऐसा व्यापक अभियान है जो हमें सभी तक पहुंचने और सभी को जोड़ने का काम करता है। उन्होंने कहा कि लगातार सपा व कांग्रेस के लोग जनता को गुमराह करने का काम कर रहे है। इस अभियान के माध्यम से हमें लोगो तक पहुंचकर विपक्ष के झूठ और भ्रम को भी समाप्त करना है। सदस्यता अभियान को पूरा करके अपनी संगठनात्मक संरचना को संवैधानिक प्रक्रिया से पूरा करने वाला भाजपा एक मात्र दल है।

चौधरी ने कहा कि हमें सभी वर्गों के बीच में पहुंचकर प्राथमिक सदस्यता करनी है और बड़ी संख्या में सक्रिय सदस्य भी बनाना है। जिन्होंने अभी तक अपने रैफलर कोड से सदस्य बनाकर अपने लक्ष्य को प्राप्त नहीं किया, वह सभी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा जनप्रतिनिधि सदस्यता अभियान के दूसरे चरण में अपना लक्ष्य प्राप्त कर लें।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि हमें एक से 15 अक्टूबर तक कैम्प सदस्यता के माध्यम से समूह में लोंगो को पार्टी से जोड़ना है। इसके लिए चौराहों, नुक्कडों, कॉलेज परिसरो सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर कैम्प लगाकर पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा कार्यकर्ता सदस्यता के माध्यम से लोगों को भाजपा के साथ जोडेगें। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही विभिन्न प्रबुद्धवर्गों शिक्षक, चिकित्सक, खिलाड़ी, अधिवक्ता, गीतकार, संगीतकार, साहित्यकार, चित्रकार, इंजीनियर सहित विभिन्न वर्गों के प्रबुद्धजनों को भाजपा का सदस्य बनाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने प्रदेश में दो करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य लिया था और अभी तक उत्तर प्रदेश में एक करोड़ 67 लाख से अधिक मतदाता सदस्य के रूप में भाजपा से जुड़ चुके है। 15 अक्टूबर तक कम सदस्यता वाले सभी बूथों पर भी सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और बड़ी संख्या में लोगों को भाजपा से जोड़ा जाएगा और प्रत्येक बूथ को मजबूत किया जाएगा। सदस्यता अभियान के द्वितीय चरण की सफलता के लिए जिला तथा मंडल स्तर पर बैठके आयोजित करके विगत अभियान की समीक्षा तथा आगामी अभियान की कार्ययोजना पर चर्चा करना है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि 16 से 31 अक्टूबर तक पार्टी के सक्रिय सदस्य बनाने का काम किया जाएगा। हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए कि अधिक से अधिक सक्रिय सदस्य बनें और इसके लिए अधिक से अधिक लोग सदस्यता अभियान में सहभागिता करें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *