Dainik Athah

भाजपा ने दिखाई यूपी गेट पर ताकत, बड़ी संख्या में जुटे नेता व पदाधिकारी

  • भाजपा ओबीसी मोर्चे का राहुल गांधी आवास पर कूच,  दिल्ली पुलिस ने रोका
  • राहुल गांधी के आरक्षण विरोधी बयान पर ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र कश्यप का बड़ा प्रदर्शन

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
राहुल गांधी द्वारा अमेरिका में आरक्षण विरोधी बयान को लेकर गुरुवार को ओबीसी मोर्चा और भारतीय जनता पार्टी की ओर से यूपी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन की कमान खुद ओबीसी मोर्चा  प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप संभाल रहे थे। भारतीय जनता पार्टी और ओबीसी मोर्चा ने घोषणा की थी कि गुरुवार को बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता दिल्ली स्थित राहुल गांधी के आवास का घेराव कर वहां प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन की चेतावनी के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और गाजियाबाद पुलिस ने गाजीपुर बॉर्डर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर बैरिकेडिंग कर दी थी ताकि प्रदर्शनकारी दिल्ली की सीमाओं में प्रवेश न कर सकें। भाजपा नेताओं को जैसे ही यूपी गेट पर दिल्ली जाने से रोका गया, उन्होंने अपना राहुल गांधी के खिलाफ धरना प्रदर्शन वही शुरू कर दिया था। राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा के तमाम नेता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और उनके आरक्षण समाप्त करने के भाषण की निंदा करते हुए प्रदर्शन किया। 

भाजपा के 47 पदाधिकारियों को पुलिस ने लिया हिरासत में, प्रदर्शन के बाद हुई रिहाई
राहुल गांधी के आवास घेराव कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने जब यूपी गेट पर नारेबाजी शुरू की और दिल्ली में प्रवेश करने का प्रयास किया तो इस दौरान दिल्ली पुलिस ने भाजपा के 47 से अधिक पदाधिकारी एवं नेताओं को हिरासत में लेते हुए बसों में बैठा लिया ।इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की दिल्ली पुलिस और वहां तैनात सुरक्षा बलों से नोकझोंक भी हुई। काफी देर तक हंगामा चला, बाद में दिल्ली पुलिस ने सभी को चेतावनी देकर रिहा किया। 

ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप ने कहा जारी रहेगी आर-पार की लड़ाई
गुरुवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के अमेरिका में दिए आरक्षण विरोधी बयान का विरोध करने के लिए बड़ी संख्या में ओबीसी मोर्चे और भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी दिल्ली में प्रवेश करने की योजना बना रहे थे। इस दौरान भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कार्यक्रम की कमान संभाले हुए थे, धरना प्रदर्शन एवं राहुल गांधी के खिलाफ आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं की भीड़ जुटी। सभी ने दिल्ली में प्रवेश करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस की लंबी बैरिकेडिंग और बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात होने की वजह से वह दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सके। ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप ने कहा है कि राहुल गांधी के द्वारा जो बयान आरक्षण के संबंध में दिया था ,उसका विरोध लगातार जारी रहेगा बीजेपी इस मामले पर चुप नहीं बैठेगी। राहुल गांधी ने जिस तरीके से आरक्षण समाप्त करने वाला बयान दिया था ,इसको लेकर पिछड़ों में काफी नाराजगी है। 

राज्यसभा और लोकसभा में भी उठाएंगे मुद्दा  : नरेन्द्र कश्यप
भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने कहा है कि वह राहुल गांधी के आरक्षण विरोधी बयान को लेकर आगे की रणनीति बना रहे हैं। जिसके तहत अब राहुल गांधी को राज्यसभा और लोकसभा में घेरने की तैयारी है। भाजपा के शीर्ष नेता और केंद्रीय मंत्री राहुल गांधी के खिलाफ योजना बंद तरीके से आगे का कार्यक्रम संचालित करेंगे। 

कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा पप्पू पहलवान रामचंद्र प्रधान जयप्रकाश कुशवाहा हरवीर पाल प्रदेश मीडिया प्रभारी सौरभ जयसवाल ब्रह्म प्रकाश पाल मनोज गोयल यतेंद्र नागर प्रवीण भाटी आशु वर्मा रीना भाटी योगेश भाटी देवेंद्र यादव श्यामवीर चौधरी विजय धामा संजीव भाटी हरेंद्र चौधरी सोनू बंसल प्रियंक गुर्जर उमेश भाटी जीतपाल कश्यप ओमप्रकाश कश्यप थान सिंह कश्यप विजयपाल कश्यप मनोज रवि प्रधान प्रदीप कश्यप प्रमोद कश्यप आशुतोष शर्मा अमन कुमार आशुतोष कश्यप सचिन कश्यप अर्पण कश्यप विशाल कश्यप सुनील कश्यप आदि सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *