Dainik Athah

अपने ही निर्णय को पलटते हुए भाजपा ने कार्यकारिणी चुनाव में उतारे 5 प्रत्याशी

  • नगर निगम कार्यकारिणी का कड़ी सुरक्षा में आज होगा चुनाव
  • एक माह पूर्व चुनाव के दिन भाजपा के पार्षदों ने बागी बनकर किये थे नामांकन
  • अब महापौर के खास राजीव शर्मा को भी भाजपा ने कार्यकारिणी सदस्य के लिए मैदान में उतारा
  • महापौर का दावा: कार्यकारिणी के सदस्यों के चुनाव का बिगुल बज चुका है सभी सदस्यों को चुनाव जीताकर भेजेंगे कार्यकारिणी में

    अथाह संवाददाता
    गाजियाबाद।
    गाजियाबाद नगर निगम कार्यकारिणी का चुनाव मंगलवार को होगा। कार्यकारिणी की छह सीटों के लिए भाजपा ने अपने पांच पार्षदों को मैदान में उतारा है। इनमें एक माह पूर्व पार्टी के निर्देशों के विरूद्ध नामांकन करने वाले पार्षद राजीव शर्मा का नाम भी शामिल है।
    बता दें कि 17 अगस्त को नगर निगम कार्यकारिणी का चुनाव प्रस्तावित था। इसके लिए भाजपा ने अपने चार प्रत्याशी मैदान में उतारे थे। इनमें अमित मुद्गल, नीरज गोयल, नरेश भाटी और पूनम सिंह को प्रत्याशी बनाया गया था। भाजपा के सभी नेताओं ने एक एक प्रत्याशी के नाम पर मुहर लगा दी थी। लेकिन नामांकन के दौरान भाजपा के राजीव शर्मा समेत दो अन्य पार्षदों ने भी नामांकन कर दिया था। दो अन्य को तो भाजपा नेताओं ने मना लिया था, लेकिन राजीव शर्मा ने यह कहते हुए नाम वापस लेने से इनकार कर दिया था कि जब पार्टी पांच पार्षदों को कार्यकारिणी में भेज सकती है तो चार नाम क्यों।
    राजीव शर्मा के न मानने के बाद नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव को स्थगित कर दिया गया था। अब मंगलवार को मतदान होगा, लेकिन विपक्ष से अंसार चौधरी का नामांकन भी है। यदि चौधरी नामांकन वापस नहीं लेते तो फिर मतदान होना तय है। भाजपा ने अपने पांच पार्षदों राजीव शर्मा, अमित मुदगल, नीरज गोयल, नरेश भाटी और
    पूनम सिंह को चुनाव में प्रत्याशी बनाकर उतारा है।
  • भाजपा के मुख्य सचेतक ने जारी किया व्हिप
    महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा एवं महापौर सुनीता दयाल के निर्देशों के क्रम में मुख्य सचेतक पार्षद दल अमित त्यागी ने नगर निगम के कार्यकारिणी के छह सदस्यों के चुनाव के लिए सभी मतदाताओं (पार्षदो) को व्हिप जारी किया है, जिसमे सभी को पार्टी के निर्देश पर 17 सितंबर को सदन की बैठक में प्रत्याशी के पैनल पक्ष में आपको मतदान करने हेतु व्हिप जारी की गई है।
    -भाजपा के सभी पार्षद प्रत्याशियों को विजयी बनायेंगे: महापौर
    महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि पूर्व में भाजपा संगठन ने चार सदस्यों को कार्यकारिणी चुनाव में उतारा था लेकिन इस बार हमने पांच सदस्यों को प्रत्याशी बनाया है जिनको जीताकर हम कार्यकारिणी के सदस्य बनाएंगे। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम में भाजपा का पूर्ण बहुमत है कार्यकारिणी के चुनाव में भी अधिक संख्या भाजपा के सदस्यों की ही होनी चाहिए इसलिए हमने संगठन के अध्यक्ष संजीव शर्मा के साथ बात कर भाजपा के पांच पार्षदो को प्रत्याशी बनाकर चुनाव में उतारा है।
  • 18 सितंबर की कार्यकारिणी बैठक मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर स्थगित
    17 सितंबर को कार्यकारिणी सदस्यों के चुनाव के बाद नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक 18 सितंबर को बुलाई गई थी। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि 18 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गाजियाबाद आगमन के कारण यह बैठक स्थगित कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *