Dainik Athah

भाजपा सरकार में लोकतंत्र और संविधान खतरे में है: अखिलेश यादव

  • अथाह ब्यूरो
    लखनऊ।
    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में लोकतंत्र और संविधान खतरे में है, अराजकता का माहौल है। सरकार के संरक्षण में भाजपाई लोकतंत्र खत्म करने पर अमादा है। भाजपा चुनावी प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ करती हैं। भाजपाई लोकतंत्र का अपहरण कर छल-बल और गुण्डई से हर पद पर जबरदस्ती कब्जा करना चाहते है। निष्पक्ष चुनाव नहीं होने दे रहे है।
    उन्होंने कहा जबसे भाजपा सत्ता में आयी है तबसे विधानसभा, लोकसभा चुनाव से लेकर जिला पंचायत, ब्लाक प्रमुखों और विधान परिषद तक हर चुनाव में सत्ता का दुरुपयोग दिखाई दे रहा है। शासन-प्रशासन के बल पर भाजपा नेता गुण्डई पर उतारू है। कहा कि, ताजा मामला लखीमपुर खीरी में साधन सहकारी समिति के चुनाव का है। भाजपा विधायक मंजू त्यागी ने एसडीएम और पुलिस के सामने से प्रत्याशियों के आवेदनों के पर्चे लूट लिये। पर्चों के साथ ही भाजपा विधायक नामांकन कक्ष से कई सरकारी कागज भी छीन ले गयी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की मूकदर्शक बनी रही। भाजपा के लोग लोकतंत्र को लूट रहे है। जनता को धोखा दे रहे हैं। भाजपा कोई चुनाव स्वतंत्र और पारदर्शी ढंग से नहीं होने दे रही है।
    यादव ने कहा इससे पहले ब्लाक प्रमुख और एमएलसी चुनाव में भी विपक्षी प्रत्याशियों से पर्चा लूटने की घटनाएं सामने आ चुकी है। भाजपा लोकतंत्र के लिए कलंक बन गयी है। इस सरकार में लूट और भ्रष्टाचार चरम पर है। अन्याय, अत्याचार का बोलबाला है। पीड़ित और निर्दोष की कहीं सुनवाई नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अयोध्या में जमींनों की लूट और भ्रष्टाचार सबके सामने है। भाजपा के बड़े-बड़े लोग और उनके सहयोगी आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हैं। भाजपा सरकार का भ्रष्टाचार अब लोगों के लिए जान लेवा साबित हो रहा है।
    यादव ने कहा भाजपाइयों ने प्रधानमंत्री जी के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी में भी लूट मचा रखी है। वाराणसी में 10 करोड़ रुपए की लागत से बने लाल बहादुर शास्त्री घाट के विश्राम कुटी की छत गिरने के मलबे में दबकर एक बुजुर्ग की मौत हो गयी। क्या यही भाजपा सरकार का भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस है? मुख्यमंत्री जी बताएं कि अब किस पर उनका बुलडोजर चलेगा? भाजपा सरकार में बजट और सरकारी धन की लूट मची हुई है। आम जनता भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार से त्रस्त है। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा का सफाया करके सारे हिसाब करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *