Dainik Athah

लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी बता रहे थे लाखों की जीत, अनेक अति आत्म विश्वास से हार गये: योगी आदित्यनाथ

  • गाजियाबाद शहर उप चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र
  • बैठक में किसी ने पुलिस की तो किसी ने जीडीए और अन्य विभागों की शिकायतें की
  • उप चुनाव कठिन होता है, मेहनत करनी होगी: मुख्यमंत्री

अशोक ओझा
गाजियाबाद।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद शहर सीट उप चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में अति आत्म विश्वास के प्रति सचेत किया। उन्होंने कहा अति आत्म विश्वास से ही लोकसभा चुनाव में अनेक सीटों पर हार का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद पहुंचे तो उन्होंने हिंदी भवन में भाजपा के महानगर पदाधिकारियों एवं शहर विधानसभा सीट के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि लोकसभा चुनाव में अति आत्म विश्वास से हार का सामना करना पड़ा। कोई प्रत्याशी आठ लाख से जीत बता रहा था, लेकिन हार गया। कोई चार लाख से जीत बता रहा था, लेकिन एक लाख के आसपास सिमट गया। उन्होंने कहा अति आत्म विश्वास का शिकार नहीं होना है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उप चुनाव जीतना आसान नहीं होता। वोटर कम संख्या में बाहर निकलता है। सभी को यह प्रयास करना होगा कि एक एक वोटर के पास पहुंचे और साथ ही यह सुनिश्चित करें कि उसका वोट डल जाये।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी ने सभी से कहा कि वे बूथ स्तर तक जाकर टीम बनायें। हर टीम में कम से कम दस लोग हों। इतना ही नहीं शहर विधानसभा क्षेत्र में मोर्चे कार्यक्रम करें जिसमें प्रदेश, जिला व क्षेत्र से जिसकी आवश्यकता हो उसे ही भेजा जायेगा। उन्होंने एससी मोर्चा से कहा कि शहर सीट पर 20 से 22 फीसद एससी मतदाता है उनके ऊपर फोकस किया जाये। महिला मोर्चा से कहा कि पूरे क्षेत्र के लिए टोलियां बनाकर महिला मतदाताओं से संपर्क करें और उन्हें भाजपा को वोट देने के लिए तैयार करें। उन्होंने कहा कि महिला जब दूसरी महिला से बात करती है तो उसकी समझ में आता है। पुरूष कार्यकर्ता इतना नहीं समझा सकते।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान 22 मोर्चों एवं प्रकोष्ठों से कहा कि वे डोर टू डोर प्रचार करने के लिए टीमों का गठन करें। वे बार बार अति आत्म विश्वास से बचने की सलाह भी देते रहें।

जनरल वीके सिंह का कार्यक्रम लगायें, पूर्व सैनिकों पर पड़ेगा असर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनकी ही गाड़ी से पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह भी बैठक में पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनरल वीके सिंह का कार्यक्रम लगायें। पूर्व सैनिकों में उनकी बातों का असर अधिक होगा।

पुलिस वरिष्ठों की भी नहीं सुनती

एक वरिष्ठ कार्यकर्ता ने कहा कि पुलिस वरिष्ठ लोगों से भी ठीक से बात नहीं करती। जबकि मुख्यमंत्री जी आपने वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रूप से काम करने के लिए निर्देश दिये थे। उन्होंने यह भी कहा कि चोरी की घटनाएं बढ़ रही है उनके ऊपर रोक लगाई जाये।

विभाग में सपाई अधिकारी है उन्हें हटाया जाये
एक कार्यकर्ता ने कहा कि सहकारिता विभाग में सपाई अधिकारी भरें है उनको हटवाया जाये। वह चेयरमैन है, लेकिन उनके लिए भी एक कमरा तक आज तक नहीं दिया गया। इसके साथ ही अन्य लोगों ने भी शिकायतें की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *