Dainik Athah

भाजपा का सदस्यता अभियान एक सितंबर से सभी कार्यकतार्ओं को पूरे मनोयोग से सदस्यता अभियान में जुटना है: धर्मपाल सिंह

20 को लखनऊ में भाजपा की कार्यशाला का आयोजन

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी का अगले महीने 1 सितंबर से सदस्यता अभियान शुरू होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश में पार्टी के द्वारा शुरू किये जा रहे सदस्यता अभियान के संदर्भ में मंगलवार 20 अगस्त को राजधानी लखनऊ स्थित इन्दिरागांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में एक दिवसीय सदस्यता अभियान कार्यशाला आयोजित की गई है। कार्यशाला में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री व सदस्यता अभियान के प्रभारी विनोद तावडे़, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। कार्यशाला में लगभग 1000 से अधिक पार्टी पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि सम्मिलित होगें।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने रविवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर सदस्यता अभियान कार्यशाला के संदर्भ में पार्टी पदाधिकारियों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा घर-घर पहुंची है। पार्टी कार्यकतार्ओं के अथक परिश्रम और संघर्ष, हमारी विचारधारा और मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की नीति का परिणाम है कि भाजपा को लगातार तीसरी बार जनता का आशीर्वाद मिला और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र में सरकार बनी। उन्होंने सदस्यता अभियान को लेकर आयोजित कार्यशाला के संदर्भ में चर्चा करते हुए कहा कि हम सभी कार्यकतार्ओं को पूरे मनोयोग से सदस्यता अभियान में जुटना है।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने बताया कि मंगलवार को सदस्यता अभियान कार्यशाला सुबह 10 बजे से प्रारम्भ होगी। कार्यशाला में उत्तर प्रदेश से पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय महामंत्री, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, मोर्चो के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश मीडिया प्रभारी, पार्टी के राज्यसभा व लोकसभा में सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, पार्टी संगठन के विभागों के संयोजक सहसंयोजक, प्रकोष्ठों के संयोजक सहसंयोजक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निगमों के महापौर, आईटी व सोशल मीडिया के संयोजक/सहसंयोजक और बोर्ड, निगम व आयोगों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित अन्य प्रमुख पार्टी पदाधिकारी सम्मिलित होगें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *