Dainik Athah

भाजपा आई फ्रंटफुट पर, इंडिया गठबंधन में तय नहीं किस दल को मिलेगी सीट

  • गाजियाबाद विधानसभा उप चुनाव को लेकर
  • भाजपा ने एक माह पहले ही शुरू कर दिया था बैठकों का दौर
  • इंडिया गठबंधन में कांग्रेस के खाते में सीट जाने की उम्मीद

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद
। गाजियाबाद विधानसभा उप चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा इस सीट पर एक बार फिर जीत हासिल करने के लिए फ्रंट फुट पर आकर बल्लेबाजी करने लगी है, जबकि इंडिया गठबंधन अभी तक यह तय नहीं कर पाया है कि सीट कांग्रेस के खाते में जायेगी अथवा समाजवादी पार्टी के। हालांकि दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं ने तैयारी शुरू कर दी है। दोनों दलों के नेताओं का कहना है कि सीट किसी भी दल के खाते में जाये, चुनाव मिलकर लड़ेंगे।

बता दें कि गाजियाबाद शहर सीट से विधायक अतुल गर्ग के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद यह सीट रिक्त हो गई है। अब अगले कुछ माह में उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट के साथ ही सभी दस सीटों पर उप चुनाव होने हैं। इन उप चुनावों को जीतने के लिए भाजपा ने मैराथन बैठकें शुरू कर दी है। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक एक सीट पर नजर बनाये हुए हैं। उन्होंने हर सीट पर तीन तीन मंत्रियों के साथ ही संगठन के पदाधिकारियों को तैनात कर दिया है। गाजियाबाद शहर सीट पर प्रदेश भाजपा महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे शनिवार को गाजियाबाद में तैयारियों को परखने के साथ ही योजना तैयार करने आ रहे हैं।

दूसरी तरफ यदि देखा जाये तो इंडिया गठबंधन अभी सीटों का फार्मूला ही तय नहीं कर पाया है कि प्रदेश में कौन सी सीट किस दल के हिस्से में आयेगी। गाजियाबाद शहर सीट पर गठबंधन के दोनों ही दलों कांग्रेस एवं सपा के नेताओं की नजर लगी है।

सूत्रों के अनुसार गाजियाबाद शहर सीट कांग्रेस के खाते में जाने की उम्मीद अधिक लगाई जा रही है। हालांकि कांग्रेस और सपा के नेता अभी इस मामले में मुंह नहीं खोल रहे। दोनों ही दलों के नेता अपने अपने स्तर से तैयारियों में जुटे हैं। कांग्रेस और सपा दोनों दलों के नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संदेश दे दिया है कि सीट पर चाहे किसी भी दल का प्रत्याशी लड़े, लेकिन दोनों ही दलों को संयुक्त रूप से चुनाव लड़वाना है, वह भी ऐसा कि उनकी ही पार्टी का प्रत्याशी चुनाव लड़ रहा है।

इंडिया गठबंधन ने अभी यह तय नहीं किया है कि गाजियाबाद शहर सीट किस दल के खाते में जायेगी, बावजूद इसके पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर कांग्रेस बूथ से लेकर हर स्तर पर अपनी तैयारियां पूरी कर रही है। इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी को मजबूती से चुनाव लड़ाने का काम किया जायेगा और गाजियाबाद में इस बार जीत हासिल की जायेगी।

विजय चौधरी, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष, गाजियाबाद

समाजवादी पार्टी नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार समाजवादी पार्टी बूथ से लेकर मंडल स्तर तक गाजियाबाद शहर विधानसभा उप चुनाव के लिए तैयार है। जो कमियां है उन्हें दूर किया जा रहा है। इंडिया गठबंधन से जिस भी दल से जो भी प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरेगा उसे पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़वाया जायेगा। सपा कार्यकर्ता चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।
फैजल हुसैन, जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी, गाजियाबाद


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *