Dainik Athah

गाजियाबाद विधानसभा उप चुनाव: कैबिनेट मंत्री की मौजूदगी में तय किया गया 10 को दम दिखाने का फार्मूला

  • 10 को होगी भाजपा की मैराथन बैठक, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह कसेंगे पेंच
  • दो चरणों में होगी भाजपा की चुनावी बैठकें

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी ने गाजियाबाद विधानसभा उप चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। कार्यकर्ताओं के पेंच कसने एवं तैयारियों को परखने के लिए भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह दस अगस्त को गाजियाबाद आ रहे हैं।
गाजियाबाद शहर से लगातार दो विधानसभा चुनाव जीत चुकी भाजपा उप चुनाव में भी इस सीट को बचाये रखना चाहती है। इसके लिए पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह को गाजियाबाद के साथ ही खैर विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि इससे पहले प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा के नेतृत्व में दो राज्यमंत्रियों कपिल देव अग्रवाल एवं ब्रजेश सिंह तथा क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा को पहले ही जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री योगी द्वारा जिम्मेदारी तय करने के बाद सभी प्रमुख नेताओं ने उन्हें आवंटित विधानसभाओं का रूख करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह दस अगस्त को गाजियाबाद आ रहे हैं। वे यहां पर दो बैठकें लेंगे। इसकी रूपरेखा बुधवार को लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में हुई भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं जन प्रतिनिधियों की बैठक में तय किया गया। कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सांसद अतुल गर्ग, दोनों राज्यमंत्री एवं भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा के नेतृत्व में महानगर के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे। इस बैठक में दस को प्रदेश महामंत्री संगठन के सामने दम दिखाने की योजना बनाई गई।

भाजपा सूत्रों के अनुसार दस अगस्त को होने वाली पहली बैठक में शहर विधानसभा के मंडल अध्यक्ष अपनी कमेटी के साथ मौजूद रहेंगे, इनके साथ ही वार्ड अध्यक्ष, पार्षद, सेक्टर संयोजक एवं सेक्टर प्रभारी मौजूद रहेंगे। दूसरी बैठक में वार्डों में जिन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को लगाया जायेगा उनकी बैठक होगी। जनप्रतिनिधि दोनों बैठकों में ही उपस्थित रहेंगे।
भाजपा सूत्रों के अनुसार प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के सामने महानगर भाजपा अपनी कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती, यहीं कारण है कील कांटे पहले से ही दुरुस्त किये जा रहे हैं। जबकि प्रदेश महामंत्री संगठन छोटी से छोटी बात पर भी ध्यान देंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *