Dainik Athah

गाजियाबाद से लेकर मुरादनगर तक शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा

  • महापौर, डीएम, नगर आयुक्त, सीडीओ ने कांवड़ियों के स्वागत में बिछाये पलक पांवड़े
  • सभी विभागों, जनपदवासियों और पत्रकारों द्वारा कांवड़ यात्रा में सहयोग के लिए धन्यवाद: जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह
  • शिव भक्त कांवड़ियों में उत्साहवर्धन करने हेतु करते है पुष्प वर्षा, होती है आनन्द की प्राप्ति: इन्द्र विक्रम सिंह
  • महापौर- नगर आयुक्त ने सफाई कर्मियों पर भी बरसाये फूल

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
कांवड़ यात्रा एवं पावन पर्व श्रावण शिवरात्रि के मद्देनजर शिवरात्रि से एक दिन पूर्व महापौर सुनीता दयाल, जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिह मलिक, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, अपर नगर आयुक्त अरूण सहित अन्य अधिकारियों एवं गणमान्यों द्वारा मेरठ रोड तिराहा गाजियाबाद पर व जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह सहित अन्य अधिकारियों द्वारा गंगनहर घाट पर नगर पालिका परिषद मुरादनगर के प्रशासनिक कैम्प में शिव भक्त कांवड़ियों पर कांवड़ यात्रा के दौरान पुष्प वर्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने गाजियाबाद नगर निगम एवं नगर पालिकाओं के कार्यों की सराहना भी की। गाजियाबाद में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों पर भी पुष्प वर्षा की गई।

जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के सम्बंध में गाजियाबाद एक महत्वपूर्ण जिला है, शिव भक्त कांवड़िये हरिद्वार से जल लेकर गाजियाबाद आते हैं और लाखों की संख्या में कांवड़ियो दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान सहित अन्य राज्यों में जाते हैं। जनपद गाजियाबाद तक आते—आते कांवड़ियों को थकान, अनिन्द्रा, पैरों में छाले सहित अन्य दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जिसके लिए हमें अपने जिले को उसी के अनुरूप तैयार करना होता है। हमने कांवड़ यात्रा शुरू होने से पूर्व ही कांवड़ियों के लिए सुगम राह, साफ—सुथरा वातावरण, जगह—जगह चिकित्सा सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण तैयार किया और सिविल डिफेंस, एनजीओ सहित अन्य व्यापारियों/ उद्योगपतियों के सहयोग से भोजन एवं पानी की व्यवस्था, जगह—जगह आराम करने हेतु कैम्पों की व्यवस्था की है।

इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा गाजियाबादवासी धर्म के क्षेत्र में दिल खोलकर तन—मन—धन से भक्तों की सेवा में लगे रहते हैं। उसी प्रकार पुलिस विभाग, जिला प्रशासन, नगर निगम, विद्युत विभाग, चिकित्सा विभाग, सिविल डिफेंस, समाजसेवी एनजीओ सहित अन्य के द्वारा भी पूर्ण सहयोग करत हुए कांवड़ यात्रा को सम्पन्न कराने में विशेष योगदान दे रहे हैं। मीडिया बन्धुओं द्वारा जनपदवासियों के हित एवं किसी भी कार्य को सफल एवं सुव्यवस्थित कराने में प्रशासन का पूर्ण सहयोग किया जाता है। मीडिया बन्धु समय—समय पर जिन क्षेत्रों में सुव्यवस्थित तैयारियां नहीं हो रही होती है, उनके बारे में हमें समय से अवगत करा देते है जो कि एक सराहनीय कार्य है।
जिलाधिकारी ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पावन पर्व शिवरात्रि के एक दिन पूर्व पुष्प वर्षा कार्यक्रम का आयोजन किया जाता हैं, जिससे शिव भक्त कांवड़ियों को आगे की यात्रा हेतु उत्साहवर्धन होता है और शिव भक्तों पर पुष्प वर्षा करने से हमें भी आनन्द की अनुभूति होती है। कहा कि पूर्व की वर्षों की अपेक्षा इस वर्ष की तैयारियों अधिक सुव्यवस्थित एवं अच्छी रही। इस दौरान जो भी कमी रह गई होगी उसे आगामी वर्षों में सुधार करते हुए और अधिक सुव्यवस्थित किया जायेगा।
मुरादनगर में आयोजित पुष्प वर्षा कार्यक्रम में एसडीएम डा. पूजा गुप्ता, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र सिंह, मुरादनगर खंड विकास अधिकारी सुधीर कुमार, अवर अभियंता आरके सागर समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

नगर निगम के साथ ही महापौर- नगर आयुक्त की जमकर सराहना
जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह द्वारा भव्य कावड़ महोत्सव को व्यवस्थित करने में निगम की अहम भूमिका बताई गई, महापौर तथा नगर आयुक्त की प्लानिंग की सरहाना की गई, कावड़ मार्गों की साफ सफाई तथा प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए भी संबंधित टीम को उत्साहित किया गया इसी के साथ सभी ने मिलकर कावड़ यात्रियों के स्वागत के बाद गाजियाबाद नगर निगम के स्वास्थ्य प्रहरियों पर भी फूलों की बरसात की उनके द्वारा किए जा रहे साफ सफाई के कार्यों को सरहाया गया।
महापौर तथा नगर आयुक्त ने भी सफाई कर्मियों पर फूलों की बारिश की तथा कांवड़ शिविरों मंदिरों के बाहर कावड़ मार्ग पर लगातार सफाई व्यवस्था बनाए की प्रशंसा की गई, कावड़ यात्रियों द्वारा भी सुंदर व्यवस्था को देखते हुए गाजियाबाद नगर निगम का धन्यवाद किया मौके पर अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार डॉ अनुज उद्यान प्रभारी महाप्रबंधक जल मुख्य अभियंता निर्माण व जनप्रतिनिधि गण उपस्थित रहे’


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *