Dainik Athah

अपराधियों में पुलिस का तनिक भी भय नहीं रह गया: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री लाख दावे करें कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति सुधरी है परन्तु हकीकत में तो यही लगता है कि अपराधियों को पुलिस का तनिक भी भय नहीं रह गया है। रोज ही दबंगों द्वारा भूमि पर कब्जे, अपहरण, लूट और महिला अपराध के मामलें सुर्खियां बटोरते हैं। भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था कैसे सुधर सकती है जब स्वयं सत्ता से जुड़े लोग ही संरक्षण का लाभ उठाकर मनमानी करने पर उतारू हो रहे हैं?

उन्होंने कहा जौनपुर के सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के कयार गांव में हौसला बुलंद बदमाशों ने युवक को गोली मार दी, उसकी मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। तीन महीने पहले उसके पिता की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। राजधानी लखनऊ में दोस्तों ने अपने दोस्त की निर्ममता से हत्या कर दी। बाराबंकी में सिगरेट के विवाद में भाईयों ने लाइनमैन को मार डाला। हरदोई में घर में घुसकर वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसी प्रकार लखनऊ जनपद के मोहनलालगंज में खेत से घर आ रही युवती से रेप का प्रयास किया गया। उसे जान से मारने की भी कोशिश की गई। हरदोई के सांडी क्षेत्र में गोबर डालने घर से निकली किशोरी की दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्यारो ने उसकी आंख भी फोड़ दी। लखनऊ में घर में काम करवाने के बहाने से बुलाकर 12 साल की बालिका से दुष्कर्म किया गया। कारखाने में महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई।

यादव ने कहा स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री जी जो यह कहते थे कि उनकी सरकार में अपराधी या तो जेल में होंगे या प्रदेश से बाहर चले जाएंगे, 24 कैरेट असत्य निकला। अपराधी पूरी तरह राज्य में निर्भीक होकर सक्रिय हैं। उन्हें किसी का डर नहीं रह गया है। वैसे जबसे भाजपा की सरकार आई है उसका प्रशासन पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। भाजपा सभी मोर्चे पर विफल साबित हुई है। अब बहुत ही जल्द भाजपा का सत्ता से बाहर हो जाना तय है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *