Dainik Athah

अपने ही विधायकों के खिलाफ भाजपा पार्षद की मोर्चाबंदी

  • नंद किशोर गुर्जर के खिलाफ प्रदर्शन के बद अब अजीत पाल के कार्यालय पर
  • … साथ न देने पर विधायक को पूर्व विधायक बनाने की दे रही चेतावनी
  • पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने पार्षद के खिलाफ कार्यवाही की मांग उठाई

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी में लगता है कि सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। एक पार्षद पहले लोनी विधायक के खिलाफ पार्टी कार्यालय पर प्रदर्शन करती है और इसके बाद अपने ही क्षेत्रीय विधायक को साथ न देने पर पूर्व होने को तैयार होने की चेतावनी। आखिर यह हो क्या रहा है। इसके साथ ही पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी मावी ने पार्षद को पार्टी से बाहर करने की मांग भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से कर दी है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव के दौरान एक न्यूज चैनल की रिपोर्टर एवं कैमरामेन को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने भाजपा की महिला पार्षद के पति राजेश यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इस मामले में गुरुवार को पार्षद प्रमोश यादव ने भाजपा के लोनी विधायक के खिलाफ भाजपा कार्यालय पर प्रदर्शन किया और विधायक के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। उनका आरोप था कि अपने पार्टी वालों का साथ देने के स्थान पर विधायक ब्लैकमेल करने वाली महिला पत्रकार के पक्ष में बयान दे रहे हैं।
बात यहीं तक समाप्त नहीं होती। शुक्रवार को इन महिला पार्षद ने अन्य महिलाओं के साथ मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी के कार्यालय पर प्रदर्शन करने के साथ ही धरना दिया। इससे भी आगे बढ़कर पार्षद विधायक को चेतावनी देती है कि यदि हमारा साथ नहीं दिया तो वे पूर्व विधायक होने को तैयार हो जायें। बता दें कि यह पार्षद लोकसभा चुनाव के दौरान ही भाजपा में शामिल हुई थी। लेकिन अपने पति के लिए इन्होंने अपनी ही पार्टी के विधायकों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसको लेकर अब भाजपा के लोगों में भी नाराजगी बढ़ रही है।

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने महिला पार्षद के खिलाफ की कार्यवाही की मांग
इस मामले में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी मावी सामने आई है। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी को पत्र लिखकर महिला पार्षद प्रमोश यादव के खिलाफ अनुशासनहीनता की कार्यवाही करने की मांग की है। उन्होंने आरोप भी लगाया कि पार्षद पुलिस के इशारे पर विधायक के खिलाफ आरोप लगा रही है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार पार्टी में यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा अब इस मामले में प्रदेश नेतृत्व को रिपोर्ट भेजेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *