Dainik Athah

समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों को लोकसभा में मजबूती से उठायेगी: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि देश की जनता ने लोकसभा चुनाव में संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए वोट किया है। प्रदेश की जनता ने लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनाया है। अब जनता के प्रति समाजवादियों की और ज्यादा जिम्मेदारी बढ़ गयी है। समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों को लोकसभा में मजबूती से उठायेगी।

सैफई में मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ने समाजवादी पार्टी पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि हम इस भरोसे को और मजबूत बनायेंगे। जनता के मुद्दों के लिए संघर्ष करेंगे। समाजवादी पार्टी बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर के सिद्धांतों, डा. राममनोहर लोहिया के विचारों और नेताजी मुलायम सिंह यादव के संघर्ष के रास्ते पर उनकी नीतियों पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को जोड़कर साथ लेकर चलेगी। उनके हितों के लिए लड़ेगी। उन्होंने कार्यकतार्ओं और नेताओं को पार्टी की ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई देते हुए कहा कि सबकी मेहनत और जनता के भरोसे ने समाजवादी पार्टी को बहुत बड़ी ताकत और जिम्मेदारी दी है। समाजवादी पार्टी लोकसभा में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, जनता के साथ हो रहे अन्याय, अत्याचार, नौजवानों के लिए नौकरी, रोजगार के मुद्दें को उठायेगी।

अखिलेश यादव ने एक बार फिर सेना की अग्निवीर योजना को समाप्त करने की मांग करते हुए कहा कि नौजवानों को सेना में पहले की तरह पक्की नौकरी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब संसद में संविधान और लोकतंत्र की बात होगी। उन्होंने मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र और करहल विधानसभा क्षेत्र की जनता, नेताओं और कार्यकतार्ओं से मुलाकात की। इससे पहले अखिलेश यादव ने सोमवार सायं सैफई पहुंचे उन्होंने नेताजी मुलायम सिंह यादव की समाधि स्थल पर पहुंच कर लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की ऐतिहासिक जीत को नेताजी के श्रीचरणों में समर्पित किया।

अखिलेश यादव नेताजी के समाधिस्थल पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए भावुक हो गये। उन्होंने कहा कि आज नेताजी होते तो बहुत गौरवान्वित होते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *