Dainik Athah

जनता ने भाजपा की समाज को बांटने की कोशिशों को असफल कर दिया: अखिलेश यादव

सपा प्रमुख अखिलेश यादव का ऐतिहासिक जीत पर स्वागत

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
लोकसभा चुनावों के बाद शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का चुनावों में ऐतिहासिक जीत पर जोरदार करतल ध्वनि तथा जिंदाबाद के नारों के साथ स्वागत, अभिनंदन किया गया।
अयोध्या से आए बालयोगी संत रामदास ने अखिलेश को रामनामी दुपट्टा पहनाया। इनके अलावा कर्नाटक समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एन. मंजप्पा, केरल समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष साजी थॉमस पोथन और केरल जनता दल (सेक्यूलर) के राष्ट्रीय सचिव आरएस प्रभात ने भी उनका अंगवस्त्र पहनाकर तथा पुष्पगुच्छ देकर अभिवादन किया।

लोकसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी के 37 सांसदों की जीत से उत्साहित सैकड़ों कार्यकतार्ओं, विधायकों तथा नवनिर्वाचित संसद सदस्यों के अतिरिक्त बड़ी संख्या में आए अधिवक्ताओं, युवाओं और महिलाओं ने जोशखरोश के साथ अपने प्रिय नेता को ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी और चुनावों में उनकी भूमिका, सूझबूझ तथा राजनीतिक कौशल के लिए भूरि-भूरि प्रशंसा की और उम्मीद जताई कि अब भारतीय राजनीति में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। समाजवादी पार्टी का निरन्तर विस्तार एवं भविष्य उनके हाथों में सुरक्षित है।

अखिलेश यादव ने इस अवसर पर लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी जनता जर्नादन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोकसभा चुनावों में जीत के लिए कार्यकतार्ओं के परिश्रम की प्रशंसा की और उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनता की आशा के अनुरूप परिणाम आया यद्यपि भाजपा ने अधिकारियों की मिली भगत से हमारे कुछ प्रत्याशियों को हरा दिया। उन्होंने अयोध्या से समाजवादी पार्टी की जीत का विशेषकर उल्लेख किया।

यादव ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में विचारधारा और संविधान की जीत हुई है। इस चुनाव में जनता ने संविधान और लोकतंत्र को बचाने का काम किया है। इस चुनाव में भाजपा की नफरती और नकारात्मक राजनीति को जनता ने पूरी तरह से नकार दिया और सकारात्मक राजनीति को विजयश्री दिलाया है। जनता ने भाजपा की समाज को बांटने की कोशिशों को असफल कर दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी तथा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सहित अन्य सैकड़ों प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *