Dainik Athah

अतुल गर्ग ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा को 3 लाख 36 हजार 337 मतों से हराया

  • विधायक अतुल गर्ग ने गाजियाबाद में फिर खिलाया ‘कमल’
  • अतुल गर्ग ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा को 3 लाख 36 हजार 337 मतों से हराया
  • बसपा के नंद किशोर पुंडीर 79 हजार मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे
  • भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद
। गाजियाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी एवं गाजियाबाद शहर से विधायक अतुल गर्ग ने लगातार चौथी बार कमल खिलाने का काम किया है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा को 336337 मतों से हराकर जीत दर्ज की है। इस जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।
मंगलवार को गोविंदपुरम स्थित अनाज मंडी में कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग ने मतगणना में प्रारंभ से ही बढ़त बनानी शुरू की और अंत में जीत हासिल कर सीट भाजपा की झोली में डाल दी। 41 चक्र तक चली मतगणना में भाजपा के अतुल गर्ग को 853036 मत प्राप्त हुए। उनकी निकटतम प्रतिद्वंदी और कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा को 516699 मत प्राप्त हुए। इसी प्रकार बसपा के नंद किशोर पुंडीर ने 79387 मत प्राप्त किये। गाजियाबाद सीट पर नोटा चौथे स्थान पर रहा। 8195 लोगों ने नोटा का बटन दबाया।
दैनिक अथाह से बात करते हुए अतुल गर्ग ने कहा कि पिछले चुनावों में भाजपा ने 60 फीसद से अधिक मत प्राप्त किये थे, उसी प्रकार अब भी इतना मत प्राप्त किया है जिससे वे संतुष्ट है।
चुनाव परिणाम की घोषणा से पूर्व भाजपा ने नवयुग मार्किट स्थित चुनाव कार्यालय पर जश्न मनाया गया। यहां पर नव निर्वाचित सांसद अतुल गर्ग, प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी, नंद किशोर गुर्जर के साथ ही भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने संबोधन करते गाजियाबाद लोकसभा के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही पार्टी कार्यालय पर मिठाई बांटी गई। यहां पर महानगर भाजपा के सभी पदाधिकारियों के साथ ही पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *