Dainik Athah

कार्यकर्ता, पदाधिकारी और प्रत्याशी ईवीएम की निगरानी में चूक न करें: अखिलेश यादव

एक्जिट पोल के माध्यम से जनता को धोखा दिया जा रहा है

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि विभिन्न न्यूज चैनलों द्वारा प्रदर्शित एक्जिट पोल के माध्यम से जनता को धोखा दिया जा रहा है। ये एक्जिट पोल वास्तव में कई महीने पहले ही तैयार कर लिये गये थे। बस चैनलों में इन्हें अब चलाया गया है। इसके पीछे गोदी मीडिया की यह साजिश है कि भाजपा को 300 पार दिखाया जाए, जिससे कि घपला करने की गुंजाइश बनी रहे। इन एग्जिट पोल को आधार बनाकर भाजपाई सोमवार को खुलने वाले शेयर बाजार के ऊपर-नीचे होते सूचकांक से लाभ उठाने की सोच रहे हों तो आश्चर्य नहीं करना चाहिए।

यादव ने कहा कि भाजपाइयों के मुरझाए चेहरे सारी सच्चाई बयान कर रहे हैं। भाजपाई ये समझ रहे है कि पूरे देश का परिणाम चंडीगढ़ के मेयर के चुनाव की तरह बदला नहीं जा सकता है क्योंकि इस बार विपक्ष पूरी तरह से सजग है और जनाक्रोश भी चरम पर है। कल सातवें चरण के मतदान के बाद भाजपा का विदाई समारोह भी सम्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि अब जब 4 जून को वास्तविक जनादेश आना है तब सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और प्रत्याशी ईवीएम की निगरानी में एक प्रतिशत भी चूक न करें। इंडिया गठबंधन जीत रहा है। इसीलिए मुस्तैद और चौकन्ने रहकर मतगणना कराए और जीत का प्रमाण पत्र लेकर ही विजय का उत्सव मनाएं।

अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया है कि लोग दिखाए जा रहे एक्जिट पोल से भ्रमित न हों। इनका उद्देश्य विपक्ष का मनोबल तोड़ना है। इन एक्जिट पोल का आधार ईवीएम नहीं डीएम है। प्रशासन याद रखे जनशक्ति से बड़ा बल और कोई नहीं होता है। 4 जून को मंगलवार के दिन मंगल होगा और समाजवादी पार्टी पीडीए इंडिया गठबंधन की भारी जीत होने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा राजतंत्र के प्रतीक ह्यसेंगोलह्य को फिर से स्थापित करना चाहती है जबकि समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन ‘संविधान’ को लोकतंत्र के प्रतीक के रूप में स्थापित देखना चाहती है। ‘संविधान’ लोकतंत्र की संजीवनी रहा है और हमेशा रहेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *