Dainik Athah

मोदी जी कहते है उन्हें परमात्मा ने भेजा है तो क्या सिर्फ अडानी की मदद के लिए भेजा है: राहुल गांधी

4 जून को सरकार बदलेगी, मित्रमंडली बदलेगी, मंत्रिमंडल भी बदलेगा: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को कुशीनगर में इंडिया गठबंधन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह पिन्टू के समर्थन में विशाल चुनावी जनसभा की। अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बासगांव में इंडिया गठबंधन कांग्रेस के संयुक्त प्रत्याशी सदल प्रसाद और वाराणसी से इंडिया गठबंधन कांग्रेस के प्रत्याशी अजय राय के समर्थन में विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित कर प्रत्याशियों को भारी वोटों से जिताने की अपील की।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कुशीनगर में आयोजित जनसभा में कहा है कि भाजपा सरकार के खिलाफ जनता की नाराजगी सड़कों पर दिख रही है। भाजपा ने दस सालों में सभी के साथ धोखा किया है। किसी को भी नहीं छोड़ा है। हर वर्ग के साथ भेदभाव किया है। भाजपा संविधान बदलना चाहती है। यही संविधान न्याय, अधिकार, सम्मान, नौकरी दिलाता है। भेदभाव खत्म करता है। बाबा साहब का संविधान हम सबके लिए संजीवनी है। यह संविधान आगे बढ़ने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीयत ठीक नहीं है। इस लड़ाई में एक तरफ संविधान बचाने के लिए हम इंडिया गठबंधन के लोग है वहीं दूसरी तरफ संविधान बदलने की बात करने वाले भाजपा के लोग है। इस लोकसभा चुनाव में जनता संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए इंडिया गठबंधन के साथ खड़ी हो गयी है। पहले चरण के चुनाव से ही जनता ने भाजपा के सफाये का मन बना लिया था। जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ा जनता ने भाजपा का सफाया कर दिया है। सातवें चरण में भाजपा पूरी तरह साफ हो जाएगी।

बांसगांव लोकसभा क्षेत्र में आयोजित संयुक्त चुनावी जनसभा को अखिलेश यादव एवं राहुल गांधी ने सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने झूठी बाते की, झूठे वादे किए वह जनता के बीच बात करते हुए लड़खड़ा रहे हैं। भाजपा सरकार ने जनता को धोखा दिया। विकास रोक दिया। भाजपा की दस साल की सरकार में कर्ज और गरीबी के कारण एक लाख किसानों ने आत्महत्या कर ली। भाजपा सरकार ने नौकरी देने का वादा किया। निवेश के नाम पर झूठा वादा किया। महंगाई बढ़ाकर कम्पनियों को मुनाफा कमवाया। उन्होंने कहा कि देश में परिवर्तन की हवा चल रही है। यह चुनाव देश और आने वाली पीढ़ी के भविष्य का चुनाव है। यह संविधान बचाने का चुनाव है। 4 जून को सरकार बदलेगी। मित्रमंडली बदलेगी, मंत्रिमंडल भी बदलेगा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि यह विचारधारा की लड़ाई है। संविधान बचाने की लड़ाई है। भाजपा संविधान को खत्म करना चाहती है। भाजपा नेता कहते हैं। उनकी सरकार आएगी संविधान रद्द कर देंगे। मै कहता हूूं कि भाजपा सरकार नहीं आयेगी। इस संविधान को बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर ने बनाया है। उन्होंने इसके लिए पूरा जीवन लगा दिया। संविधान ने देश के दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, महिलाओं कोे अधिकार और सम्मान दिलाया है। संविधान ने दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों को आरक्षण दिया है। भाजपा आरक्षण खत्म करना चाहती है। इंडिया गठबंधन अपने खून से इस संविधान की रक्षा करेगा। हम जान दे देंगे, मर जायेंगे, कट जायेंगे लेकिन संविधान खत्म नहीं होने देंगे। इंडिया गठबंधन भाजपा को आरक्षण खत्म नहीं करने देगा। गठबंधन आरक्षण सीमा 50 फीसदी से आगे बढ़ाने का काम करेगा। इंडिया गठबंधन 50 फीसदी आरक्षण सीमा को हटा देगा। भाजपा सरकार ने सेना के जवानों को अग्निवीर बना कर मजदूर बना दिया है। इंडिया गठबंधन अग्निवीर योजना खत्म कर देगी।

राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी कहते है उन्हें परमात्मा ने भेजा है। तो क्या परमात्मा ने उन्हें सिर्फ अडानी की मदद के लिए भेजा है। किसानों, मजदूरों की मदद के लिए नहीं भेजा है। क्या नरेन्द्र मोदी के परमात्मा ने कहा कि उद्योगपतियों का कर्ज माफ कर दो, अडानी को एयरपोर्ट दे दो। ये अडानी, अम्बानी की मदद करते है। चार जून को इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। गरीब महिलाओं की लिस्ट बनेगी। परिवार की महिला के खाते में हर साल एक लाख रुपये देंगे। हर महीने उनके खाते में रुपया डालेंगे। किसानों का कर्ज माफ करेंगे। तीस लाख सरकारी नौकरियों की भर्ती करेंगे। श्री राहुल गांधी ने कहा कि हम देश की अर्थव्यवस्था को जम्ट स्टार्ट करने जा रहे हैं। इंडिया गठबंधन यूपी में क्लीन स्वीप करने जा रहा है।

बांसगांव में चुनावी जनसभा को बांसगांव के लोकसभा प्रत्याशी सदल प्रसाद, देवरिया से कांग्रेस प्रत्याशी अखिलेश प्रताप सिंह, कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व सांसद कनकलता सिंह, सुप्रिया श्रीनेत, अविनाश पाण्डेय, केशव चन्द पूर्व मंत्री राम भुआल निषाद आदि प्रमुख नेताओं ने भी सम्बोधित किया। दोनों नेताओं ने वाराणसी में इंडिया गठबंधन कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी अजय राय के समर्थन में भी आयोजित विशाल चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए भारी मतों से जिताने की अपील की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *