Dainik Athah

लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए तेजी से बढ़ रही है: धर्मपाल सिंह

भाजपा अबकी बार 400 पार और उत्तर प्रदेश में 80 अबकी बार के

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने रविवार को गाजीपुर तथा मऊ जिले में घोसी लोकसभा की संचालन समिति, लोकसभा के संयोजक व प्रभारी, विधानसभा संचालन समिति, विधानसभा के प्रभारी व संयोजकों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव अपने अंतिम चरण की ओर बढ रहा है। आगामी पांच दिन में चुनाव की रणनीति को बूथ केन्द्रित करते हुए हर घर तक परिवार पर्ची, वोटर पर्ची तथा मोदी जी का पत्र पहुंचाने का काम करना है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कुशल बूथ प्रबंधन से बूथ स्तर पर विजय की रणनीति के तहत काम करते हुए अभियान चलाकर अवश्य मतदान और भाजपा के लिए मतदान का आग्रह प्रत्येक मतदाता से करना है। उन्होंने कहा कि कुशल बूथ प्रबंधन से ही बूथ विजय का लक्ष्य प्राप्त होता है और बूथ प्रबंधन का आधार बूथ समिति तथा पन्ना प्रमुख है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर मजबूत व्यूह रचना तैयार करके हमें तय करना है कि अधिक से अधिक मतदाता मतदान केन्द्र तक पहुंचे। इसके साथ फर्जी मतदान रोकने के लिए भी सजग रहना है। चुनाव का़े बडे़ अन्तर से जीतने के लिए हमें मतदान पूर्ण होने तक परिश्रम के साथ कार्य करना है और मतदान सम्पन्न होने तक बूथ पर डटे रहना है। भाजपा अबकी बार 400 पार और उत्तर प्रदेश में 80 अबकी बार के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता किसी भी लक्ष्य को अपने परिश्रम से प्राप्त करने में सक्षम है। वैभवशाली राष्ट्र निर्माण के संकल्प की सिद्धि के लिए भाजपा कार्यकर्ता अर्ह्निश कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ रहे है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि देशवासियों की आर्थिक उन्नति तथा विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए भाजपा काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए केन्द्र में भाजपा की सरकार आवश्यक है और सरकार बनाने के लिए प्रत्येक चुनाव जीतना आवश्यक है। चुनाव जीतने के लिए हमें प्रत्येक बूथ पर विजय प्राप्त करना है और हर बूथ पर पिछले चुनाव से 370 अधिक वोटों को भाजपा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की योजनाओं व ऐतिहासिक निर्णयों तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार की योजनाओं को प्रत्येक घर तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक व सामरिक रूप से मजबूत हुआ है। प्रभु श्री रामलला के भव्य मंदिर के निर्माण के साथ ही देश के सभी सांस्कृतिक व आध्यात्मिक केन्द्रों का विकास हो रहा है। देश के गरीब वर्ग को आवास, बिजली, पानी, रक्षा, शिक्षा व स्वास्थ्य की गारंटी मोदी ने दी है। देश का किसान खुशहाल हुआ है तथा भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है। भ्रष्टाचारी और अपराधी सलाखों के पीछे है। योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश दंगा, गुंडागर्दी, माफियाराज सहित भ्रष्टाचार से मुक्त हुआ है। बहन, बेटियां, घर, खेत खलिहान सुरक्षित हुए है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि कर्नाटक और बंगाल में पिछड़ों व अनुसूचित वर्ग के आरक्षण को मुसलमानों को देने से इंडी गठबंधन का एजेंडा देश के सामने आ चुका है। भाजपा धर्म के आधार पर आरक्षण का पुरजोर विरोध करती है। संविधान की मजबूती, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के मार्ग पर चलते हुए पिछड़ों और अनुसूचित जाति के आरक्षण की रक्षा करना मोदी जी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि मोदी जी की गारंटी लेकर हमें प्रत्येक बूथ तथा प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचना है और विपक्षियों के दुष्प्रचार से उन्हें सचेतकर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार तथा कांग्रेस, सपा और बसपा की सरकारों के बीच का अन्तर भी जनता के बीच लेकर पहुंचना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *