Dainik Athah

प्रत्येक बूथ पर अधिकतम मतदान भाजपा के पक्ष में सुनिश्चित करना है: धर्मपाल सिंह

बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक प्रत्येक पदाधिकारी पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी में है

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को चन्दौली लोकसभा तथा राबर्ट्सगंज लोकसभा संचालन समिति, लोकसभा व विधानसभा के प्रभारी व संयोजकों के साथ बैठक में बूथ प्रबंधन के माइक्रोमेनेजमेन्ट पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि बूथ प्रबंधन पर केन्द्रित रणनीति के तहत कार्य करते हुए निश्चित विजय के फामूर्ले पर काम करना है। बूथ प्रबंधन में बूथ समिति के सदस्यों और पन्ना प्रमुखों के कार्यों का विभाजन करके जिम्मेदारी तय करते हुए काम करना है। प्रत्येक बूथ पर अधिकतम मतदान और भाजपा के पक्ष में मतदान सुनिश्चित करना है। इसके लिए जन जागरण अभियान चलाकर प्रत्येक व्यक्ति से सम्पर्क करके अवश्य मतदान और भाजपा के लिए मतदान का बार-बार आग्रह होना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार पर्ची, वोटर पर्ची तथा मोदी का पत्र प्रत्येक परिवार तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करते हुए मतदान पूर्ण होने तक मजबूती से बूथ पर डटे रहना है। प्रत्येक बूथ पर पिछले चुनाव से 370 अधिक वोटों को भाजपा से जोड़ने के लक्ष्य का निश्चित लक्ष्य लेकर काम करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी के बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक प्रत्येक पदाधिकारी पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी में है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि मजबूत बूथ प्रबंधन से ही बूथ विजय सुनिश्चित होती है। इसलिए बूथ समिति, पन्ना प्रमुखों सहित बूथ के प्रत्येक व्यक्ति तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की योजनाओं व ऐतिहासिक निर्णय को पहुंचाने का काम करना है। बूथ पर जाकर मोदी-योगी सरकार के कामों और सपा, बसपा और कांग्रेस सरकारों के कालखंड के कारनामों की चर्चा भी करना है। उन्होंने कहा कि वातावरण हमारे अनुकूल है और हम प्रदेश में सभी 80 सीटें जीतने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं। भाजपा का परिश्रमी कार्यकर्ता प्रत्येक लक्ष्य को प्राप्त करने में सक्षम है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की योजनाओं ने सभी वर्गों को आर्थिक व सामाजिक तौर पर मजबूत किया है। भारत विश्व की आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। प्रभु श्री रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण तथा देश के सभी सांस्कृतिक व आध्यात्मिक केन्द्रों का विकास हो रहा है। देश आतंकवाद से मुक्त हुआ है और देश की सामरिक शक्ति बढ़ने से देश के दुश्मनो को करारा जबाव भी दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश दंगा, गुंडागर्दी, माफियाराज तथा भ्रष्टाचार से मुक्त हुआ है। बहन, बेटियां, घर, खेत खलिहान की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। प्रदेश की छवि को दंगा प्रदेश से उत्सव प्रदेश में परिवर्तित करने का काम योगी जी ने किया है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि कांग्रेस, सपा व बसपा देश के 80 करोड़ लोगो तक पहुंचने वाले राशन को कमीशनखोरी की भेंट चढ़ाकर खुद हजम करना चाहते हैं। पिछड़ों और अनुसूचित वर्ग से आरक्षण छीन कर मुसलमानों को देना चाहते है। जबकि संविधान की मजबूती, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के मार्ग पर चलते हुए पिछड़ों और अनुसूचित जाति के आरक्षण की रक्षा मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि यह सभी मोदी की गारंटी लेकर हमें प्रत्येक बूथ तथा प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष झूठ और भ्रम फैलाकर वातावरण प्रभावित करने के लिए हथकंडे अपना रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *