Dainik Athah

इस बार भाजपा का कोई मैनेजमेंट नहीं चलेगा, पूर्वांचल से उसकी विदाई तय: अखिलेश यादव

प्रतापगढ़, जौनपुर, मछलीशहर के प्रत्याशियों के समर्थन में सपा प्रमुख की जनसभााएं

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को प्रतापगढ़ में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी एसपी सिंह पटेल, जौनपुर से प्रत्याशी बाबू सिंह कुशवाहा, मछलीशहर से प्रत्याशी प्रिया सरोज के पक्ष में विशाल चुनावी जनसभाओ को सम्बोधित कर ऐतिहासिक वोटों से जिताने की अपील की।

यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को हर तरफ से समर्थन मिल रहा है। जनता साथ में खड़ी हो गयी है। जनता में भाजपा के खिलाफ भारी आक्रोश है। जनता बदलाव के लिए वोट कर रही है। भाजपा पीडीए परिवार से घबराई हुई है। पूर्वांचल में भाजपा का एक भी सांसद नहीं जीतेगा। इस बार भाजपा का कोई मैनेजमेंट नहीं चलेगा। पूर्वांचल से भाजपा की विदाई होना तय है। चुनाव बाद दिल्ली की सरकार तो बदलेगी ही मंत्रिमंडल भी बदलेगा। इंडिया गठबंधन की सरकार महंगाई कम करेगी। नौजवानों को नौकरी देगी। गरीबों, किसानों के हित में फैसले लिए जाएंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के दस साल में हर बात झूठी निकली। वादा झूठा निकला। जब से समाजवादी और कांग्रेस एक साथ आये हैं, इंडिया गठबंधन बना है भाजपा के दिल्ली और लखनऊ के इंजन टकरा रहे है। माहौल ऐसा बन गया भाजपा प्रदेश की 80 की 80 सीटे हारेगी। प्रधानमंत्री भी वाराणसी से हारेंगे। वह शहजादे की बात करते हैं, इस बार शहजादे जनता के साथ मिलकर भाजपा को मात दे रहे है। देश में बदलाव की हवा चल रही है। जनता भाजपा से हिसाब ले रही है। भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों, गरीबों सभी के साथ विश्वासघात किया है, धोखा दिया।

यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने सरकारी संस्थाओं को निजी हाथों में बेच दिया है। हवाई-अड्डे बेच दिए, रेलवे स्टेशन बेच दिये। बंदरगाह बेच दिया। सरकारी विभागों की नौकरियां खत्म कर आउटसोर्स कर दिया। सेना की पक्की नौकरी खत्म कर 4 साल की कर अग्निवीर योजना बना दिया। आधी रात को अचानक नोटबंदी कर दी। भाजपा सरकार पर कोई भरोसा नहीं किया जा सकता है। इससे सावधान रहना है। भाजपा बाबा साहब का संविधान बदलना चाहती है। संविधान से सभी को वोट का अधिकार मिला है। संविधान से शिक्षा, आरक्षण और अन्य अधिकार मिले है। यह चुनाव संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। संविधान बचेगा तभी लोकतंत्र बचेगा। तभी आरक्षण और नौकरियां बचेगी। हम इंडिया गठबंधन के लोग संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। संविधान बचाने के लिए भाजपा सरकार को हटाना होगा।

यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रतापगढ़, जौनपुर और मछली शहर समेत पूर्वांचल की सीटें लाखों वोटों से जीतेगी। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सभी लोग सपा के साथ है और लोग भी समाजवादियों की मदद कर रहे है। यह जनसमर्थन समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी श्री एस.पी. सिंह पटेल को रिकार्ड मतों से जिताएंगे। इस बार राजनीति बदलने जा रही है। 400 पार का नारा देने वाले चार सौ हारने जा रहे है। जनता भाजपा से बहुत नाराज है। देश की 140 करोड़ की जनता भाजपा को 140 सीट के लिए तरसा देगी। प्रतापगढ़ लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी एसपी सिंह पटेल की चुनावी जनसभा में समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, कांग्रेस नेता राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने सम्बोधित किया।

जौनपुर में विशाल चुनावी जनसभा को इंडिया गठबंधन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बाबू सिंह कुशवाहा, पूर्व मंत्री एवं विधायक कमाल अख्तर, पूर्व मंत्री शैलेन्द्र यादव ललई, विधायक लकी यादव, पंकज पटेल, अतुल प्रधान, अनिल प्रधान, कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री अरुण कुमार सिंह मुन्ना कांग्रेस, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष ने जनसभा को सम्बोधित करके बाबू सिंह कुशवाहा को जिताने की अपील की। मछलीशहर में चुनावी जनसभा को पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा, मछलीशहर से प्रत्याशी प्रिया सरोज, विधायक तूफानी सरोज कांग्रेस, आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं ने सम्बोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *