Dainik Athah

सीपी आवास का घेराव करने जा रहे पार्षदों को पुलिस ने बेरिकेडिंग कर रोका, लगा जाम

  • गुंडई करने के आरोप में गिरफ्तार भाजपा पार्षद के पक्ष में
  • अपने साथी के पक्ष में पार्षदों ने दिखाई एकजुटता, पुलिस पर धाराओं में कमी करने का दबाव
  • महापौर भी आई पार्षद के पक्ष में, महापौर के इशारे के बाद ही सीपी दफ्तर पहुंचे पार्षद

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
गाजियाबाद नगर निगम के वार्ड 28 के पार्षद सुधीर कुमार द्वारा खोखा संचालित करने वाली महिला और उसके पति के साथ मारपीट कर गुंडई करने के आरोप में गिरफ्तार करने के बाद जेल भेजे जाने के विरोध में गाजियाबाद नगर निगम के पार्षद एवं महापौर एकजुट नजर आ रहे हैं। पार्षदों ने पहले महापौर से बात की और बाद में सीपी दफ्तर (पुलिस आयुक्त) कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। पार्षद सीपी निवास की तरफ जा रहे थे। लेकिन पुलिस ने बेरिकेडिंग कर रास्ते में रोक लिया। इस कारण गाजियाबाद- हापुड़ मार्ग पर जाम भी लग गया। करीब एक घंटे तक पुलिस अधिकारियों से चली वार्ता के बाद संयुक्त पुलिस आयुक्त ने गुरुवार को सुबह 11 बजे पार्षदों को बात करने के लिए बुलाया है।

बता दें कि दो दिन पहले साहिबाबाद थाना क्षेत्र में एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें भाजपा पार्षद खोखा संचालित करने वाली महिला एवं उसके पति के साथ मारपीट करते नजर आ रहे थे। महिला सीता देवी ने थाने में लूटपाट, छेड़छाड़, खोखा तोड़ने एवं मारपीट करने समेत अन्य आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पार्षद सुधीर कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पार्षद को जेल भेजे जाने के विरोध में भाजपा पार्षद बुधवार को महापौर सुनीता दयाल से मिले और गिरफ्तारी को गलत बताते हुए विरोध किया। सूत्रों के अनुसार महापौर ने इस मामले में पुलिस आयुक्त को फोन भी किया, लेकिन दूसरी तरफ से कोई आश्वासन नहीं मिल सका। इसके बाद पार्षद एकत्र होकर सीपी निवास का घेराव करने निकले। इसकी जानकारी पुलिस को मिलने पर पुलिस ने बेरिकेडिंग कर पार्षदों को रोक लिया। यहां पर भाजपा की महिला पार्षद एवं अन्य पार्षदों की पुलिस से नोंक झौंक भी हुई।

बाद में संयुक्त पुलिस आयुक्त कल्पना सक्सेना ने पार्षदों से काफी देर तक बात की। इसी दौरान पार्षद सुधीर कुमार की पत्नी ने भी पुलिस को तहरीर देकर पीड़िता दंपत्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर संयुक्त पुलिस आयुक्त ने गुरुवार को सुबह 11 बजे सीपी कार्यालय में बुलाया है तभी बात होगी।

इस दौरान स्वाति पत्नी पार्षद सुधीर कुमार,पार्षद अजय शर्मा, बिजेंद्र चौहान, पार्षद नीरज गोयल,पार्षद मनोज गोयल,पार्षद रामनिवास बंसल,पार्षद यशपाल,पार्षद पवन कुमार,पार्षद धीरेंद्र यादव,पार्षद प्रवीण कुमार मुलायम,पार्षद राज कुमार सिंह,पार्षद रवि भाटी पार्षद देवनारायण शर्मा,पार्षद शीतल चौधरी,पार्षद पूनम सिंह,पार्षद मनोज कुमार,पार्षद कन्हिया ,पार्षद संतोष राणा,पार्षद मदन राय,पार्षद ओम प्रकाश ओड, पार्षद धीरज अग्रवाल, पार्षद नितिन कुमार,पार्षद हिमांशु शर्मा,पार्षद पति आशीष चौधरी,पार्षद पति कालीचरण पहलवान, पार्षद पति प्रवीण भाटी,पार्षद प्रमोद यादव,पार्षद उदित मोहन गर्ग,पार्षद पति अभिनव जैन,पार्षद राहुल शर्मा ,पार्षद विनिल दत्त,पार्षद अनिल तोमर,पार्षद हरीश चंद्र, दीपक राघव,पार्षद संजय कुमार, एवं भाजपा कार्यकर्ताओं का हज्जुम रहा।

महापौर खुलकर आई पार्षद के पक्ष में

महापौर सुनीता दयाल का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे पार्षद सुधीर कुमार को सीधा बता रही है। उन्होंने रात दो बजे खोखा खुले होने पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि उन्होंने पार्षद के मामले में पुलिस आयुक्त गाजियाबाद से बात की, लेकिन उनका रवैया ठीक नहीं था। वे पार्षद को गुंडा समेत पता नहीं क्या क्या बता रहे थे। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि पार्षद रात दो बजे क्या कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *