Dainik Athah

मतदाताओं ने सपा इंडिया गठबंधन को बहुमत देकर भाजपा को चारों खाने चित कर दिया: राजेंद्र चौधरी

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि पहले ही चार चरणों में लोकसभा चुनाव के मतदान में प्रदेश के मतदाताओं ने समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन को भारी बहुमत देकर भाजपा को चारो खाने चित कर दिया है। आज 20 मई पांचवें चरण के मतदान में मतदाताओं ने समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन को भारी बहुमत देकर भाजपा का पूरी तरह से सफाया कर दिया है।
उन्होंने कहा पांचवे चरण के चुनाव में आज मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा फतेहपुर, कौशाम्बी, बाराबंकी, फैजाबाद, गोण्डा एवं कैसरगंज लोकसभा क्षेत्रों में मतदाताओं ने भाजपा को पूरी तरह से नकार दिया है। भाजपा की सरकार में पूरे प्रदेश में समाज का हर वर्ग आज अपने को अपमानित और उत्पीड़ित महसूस कर रहा हैै। किसान, नौजवान अपने को ठगा महसूस कर रहा है। उनकी जिंदगी में अंधेरा है। भर्ती परीक्षा के पेपर लीक से नौकरी मिलने की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। नौजवान हताश-निराश है। व्यापारी नोटबंदी-जीएसटी के शिकार है। शासन-प्रशासन की अकर्मण्यता से लोगों में बहुत आक्रोश है।
चौधरी ने कहा अखिलेश यादव और राहुल गांधी की जनसभाओं में जनसैलाब उमड़ रहा है। यह जनसैलाब सत्ता परितर्वन का आगाज है। देश और प्रदेश का मतदाता एकजुट होकर समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने के लिए स्वत: स्फूर्त तरीके से विभिन्न जनसभाओं में आ रहा है। मतदाताओं के जनसैलाब को देखकर भाजपा डरी हुई है। वह प्रशासन के सहारे जनता में भय व्याप्त कर रही है। भाजपा संविधान और लोकतंत्र को कुचल रही है।
उन्होंने कहा यह अजीब विडम्बना है कि मतदान के हर चरण में ईवीएम भारी संख्या में खराब हो रही है। ईवीएम खराब होने से मतदान का प्रतिशत कम हो रहा है। भाजपा के इशारे पर भाजपाई दबंग और और पुलिस प्रशासन मतदाताओं को भयभीत कर चुनाव प्रभावित करने से बाज नहीं आ रहा है। समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के पक्ष में मतदाता भाजपाई उत्पीड़न और पुलिस प्रशासन के दबाव के बावजूद भी जमकर मतदान कर रहे है। ईवीएम की खराबी और भाजपाई दबंगों की दबंगई से निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर दाग लग रहा है। चुनाव आयोग को इस पर अपेक्षित ध्यान और कार्यवाही करनी चाहिए ताकि चुनाव की पवित्रता और निष्पक्षता बनी रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *