Dainik Athah

दक्षिण से उत्तर, पूर्व से पश्चिम मोदी- भाजपा के पक्ष में लहर: तेजस्वी सूर्या

  • अधिकांश प्रदेशों से कांग्रेस मैदान छोड़कर भाग चुकी है: सूर्या


अथाह ब्यूरो, लखनऊ। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद तेजस्वी सूर्या ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि दक्षिण से लेकर उत्तर तथा पूर्व से पश्चिम तक पूरे देश में नरेन्द्र मोदी एवं भाजपा के पक्ष में लहर है। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत सहित अधिकांश प्रदेशों में कांग्रेस चुनाव मैदान छोड़कर भाग चुकी है। राहुल गांधी से ही मैदान छोडकर भागने का कल्चर शुरू हुआ है जिससे उनके प्रत्याशी तक भाग जाते हैं। राहुल गांधी अमेठी से भाग चुके हैं और मजबूरी में रायबरेली से चुनाव लड़ कर रहे हैं। एक ओर जनता अर्थात मोदी का परिवार चुनाव लड़ रहा है। दूसरी तरफ कुछ राजनैतिक परिवार अपने परिवार की खानदानी सीट को बचाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। पूरी सपा हसबैंड-वाइफ को चुनाव जिताने के लिए जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि कन्नौज हो या मैनपुरी हसबैंड वाइफ लखनऊ में ही रहेगें, दिल्ली नहीं जाने वाले है। जनता रायबरेली, कन्नौज, मैनपुरी सहित सभी सीटों पर सपा कांग्रेस को हराकर घर बैठाने का काम करेंगी। पूरे देश में भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पक्ष में अपार जनसमर्थन है। भाजपा प्रदेश की सभी 80 सीटों पर जीत दर्ज करने जा रही है और मोदी तीसरी बार जनता के आशीर्वाद से प्रधानमंत्री बनेंगे।
भाजयुमों राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा कि प्रियंका वाड्रा बेरोजगारी को लेकर प्रश्न उठा रही हैं। लेकिन, ये आरोप कांग्रेस पार्टी के हर आरोप की तरह वास्तविकता से दूर है। उन्होंने कहा कि देश में शहरी बेरोजगारी की दर पिछले 7 सालों में 6 प्रतिशत से घट कर 3 प्रतिशत तथा ग्रामीण बेरोजगारी की दर 5 प्रतिशत से घटकर 2 प्रतिशत हो गई है। देश में 25 करोड़ लोग पिछले 10 सालों में गरीबी रेखा से ऊपर आये है। पिछले दस साल में मोदी के नेतृत्व में बेरोजगारी घटी है। सबसे कम बेरोजगारी दर आज भारत में है। इसके पीछे मोदी के दस साल के प्रयास हैं। प्रियंका गांधी वास्तविक स्थिति से हटकर देश में भ्रम फैलाने का काम कर रही हैं। वास्तविकता में राहुल गांधी व प्रियंका वाड्रा अपनी राजनैतिक बेरोजगारी के कारण देश में कन्फ्यूजन फैला रहे हैं।
सूर्या ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पाकिस्तान के बनने के खिलाफ थे। लेकिन, सिर्फ नेहरू के कारण भारत का विभाजन हुआ और इसलिए पाकिस्तान से आज कांग्रेस को समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस पार्टी और नेहरू गांधी परिवार को देश में आतंकी भेजने वाले पाकिस्तान से प्यार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता आतंकियों पर कार्रवाई की बजाय पाकिस्तान के साथ शांति की बात करते हैं। वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान कांग्रेस के नेताओं को जिताने की बात करता है। भारत की राष्ट्रभक्त जनता इसे देख रही है और कांग्रेस पार्टी के इस पाक प्रेम का जवाब दे रही है। कर्नाटक में पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा कांग्रेस के कार्यकतार्ओं ने लगाया है। इनकी मुहब्बत की दुकान में पाकिस्तान से प्रेम का ही सामान मिलता है।
उन्होंने कहा कि आज देश में 600 से ज्यादा मेडिकल कॉलेज के साथ 22 से ज्यादा एम्स हैं। 2014 से पहले देश में 7 एम्स थे। आज 148 से ज्यादा एयरपोर्ट्स हैं। ग्रामीण सड़क 7.6 लाख किलोमीटर से ज्यादा है। 2014 से अब तक सड़कों का निर्माण दोगुना बढ़ा है। 2014 से पहले नेशनल हाईवे का नेटवर्क 19 हजार किलोमीटर था आज 1 लाख किलोमीटर से ज्यादा है। उन्होंने कहा कि राहुल और प्रियंका गांधी खुद की बेरोजगारी को देश के युवाओं की बेरोजगारी से जोड़ रहे हैं। देश के युवा आने वाले दिनों में मोदी जी को चुनेंगे। अखिलेश यादव के जमाने में यूपी पब्लिक सर्विस कमीशन की हालत बेकार थी। परीक्षा का रिजल्ट लेट आता था। यूपीपीएससी के पेपर लीक हो जाते थे। आज यूपीपीएससी देश के लिए एक मॉडल है। हर साल रेगुलर परीक्षा हो रही है और अगर गलती से पेपर लीक होता है तो कठिन से कठिन कार्रवाई हो रही है।
उन्होंने कहा कि हम पेपर लीक को लेकर कानून लेकर आए, जिसमें दस सालों की सजा है। राहुल जी और कांग्रेस पार्टी ऐसे कानून क्यों नहीं लाई। कांग्रेस पार्टी अपने परिवारवाद को बढ़ा रही है। दिल्ली से लेकर कर्नाटक तक अपने परिवार के बेटा और बेटी को बढ़ाने को लेकर चिंतित हैं।उन्होंने जिक्र किया कि मोदी जी सभी को लाभ पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीते दस साल भारत के लिए हैं। इन दस सालों में कांग्रेस के साठ सालों की नाकामियों से उबारने का काम किया गया है। आने वाले पांच सालों में भारत और उभर कर आगे बढ़े और इसका दारोमदार युवाओं के कंधों पर है। इस मौके पर भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, सह मीडिया प्रभारी हिमांशु द्विवेदी, भाजयुमो के प्रदेश मीडिया प्रभारी धनंजय शुक्ला भी उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *