Dainik Athah

पहले चरण से जो हवा चली है उसने भाजपा को पलट दिया है: अखिलेश यादव

  • शाहजहांपुर, फर्रूखाबाद, हरदोई, मिश्रिख में सपा प्रमुख की सभाएं


अथाह ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में चार विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया। उन्होंने शाहजहांपुर की लोकसभा प्रत्याशी ज्योत्सना गौड़, लोकसभा फरूर्खाबाद के प्रत्याशी डा. नवल किशोर शाक्य, हरदोई से लोकसभा प्रत्याशी ऊषा वर्मा, मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र की प्रत्याशी संगीता राजवंशी के पक्ष में चुनावी सभाओं को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा है कि अभी तक हुए तीन चरणों के चुनाव में जनता ने इंडिया गठबंधन के पक्ष में मतदान किया है। पहले चरण से जो हवा चली है उसने भाजपा को पलट दिया है। जनता झूठ के शहंशाह के खिलाफ मतदान करके उनका सफाया कर रही है। भाजपा के दस साल की सरकार में इनका हर वादा और हर बात झूठी निकली। इस सरकार में किसान तबाह हो गया। गरीबी और कर्ज से एक लाख किसानों ने आत्महत्या कर ली। किसी किसान की आय दोगुनी नहीं हुई।
यादव ने कहा कि भाजपा ने तीन काले कृषि कानून लाकर किसानों की फसल और जमीन छीनने का षड्यंत्र रचा। किसानों ने तीन काले कानूनों को विरोध किया आंदोलन किया, धरना दिया। भाजपा ने आंदोलन कुचलने का प्रयास किया। एक हजार किसान शहीद हुए। किसान पीछे नहीं हटे। भाजपा की तानाशाही सरकार को तीनों काले कानून वापस लेना पड़ा। किसानों के आंदोलन के बाद भी भाजपा सरकार ने किसानों की फसलों के लिए एमएसपी का कानूनी अधिकार नहीं दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने चहेते उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया लेकिन किसानों की मदद नहीं की। इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही किसानों की फसलों को एमएसपी का अधिकार दिया जाएगा। किसानों का पूरा कर्ज माफ होगा। किसानों की अन्य तरह से भी मदद होगी। किसान खुशहाल होगा तभी देश विकसित होगा। भाजपा सरकार ने दस साल तक किसानों, नौजवानों, महिलाओं के साथ खोखले वादे किये। कोई काम नहीं किया। भाजपा ने दस सालों में भेदभाव किया। समाज में नफरत फैलाया। हर वर्ग को अपमानित किया। सŸाा का दुरूपयोग किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने महंगाई, बेरोजगारी बढ़ायी है। किसानों के साथ धोखा किया। नौजवानों का भविष्य बर्बाद किया। आज देश का पढ़ा लिखा नौजवान बेरोजगार है। उसके हाथ में न नौकरी है और न रोजगार है। भर्ती परीक्षाओं के सब पेपर लीक हो जाते हैं। इस सरकार में दस परीक्षाओं के पेपर लीक हो गये। भाजपा सरकार नौकरी, रोजगार नहीं देना चाहती है। जानबूझकर पेपर लीक कराये गए है। नौजवान, निराश है। हम अपने युवाओं को भरोसा दिलाते हैं कि इंडिया गठबंधन की सरकार सरकारी विभागों में खाली 30 लाख पदों पर भर्ती करेगी। भाजपा ने सेना की नौकरी अधूरी कर दी। अग्निवीर योजना लाकर युवाओं को धोखा दिया गया है। हम लोग अग्निवीर योजना कभी स्वीकार नहीं करेंगे।
यादव ने कहा कि लोग भाजपा से सावधान रहें। भाजपा ने हवाई अड्डे, बेच दिये, बंदरगाह बेच दिया। सरकारी कम्पनियां बेच दी। अचानक नोटबंदी कर दी। भाजपा सरकार के फैसलों से जनता को परेशानी उठानी पड़ी। नौकरियां छिन गयी। आरक्षण खत्म हो गया। भाजपा संविधान और लोकतंत्र खत्म करना चाहती है। बाबा साहब के संविधान को बदलना चाहती है। यह चुनाव संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने का चुनाव है। संविधान को लेकर भाजपा की नीयत ठीक नहीं है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *